September 9, 2026

Hind foucs news

hindi new update

20 साल से दिल्ली में रह रहे मणिपुर के म्यूजिशियन की मामूली बात पर पीट-पीटकर हत्या

नई दिल्ली। दिल्ली में 20 साल से रह रहे मणिपुर के एक म्यूजिशियन की कुछ लोगों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक का नाम सी. विक्रम सिंह था जो दक्षिणी-पूर्वी दिल्ली में आश्रम के पास किलोकारी गांव में रहते थे। वो मैतेई समुदाय से ताल्लुक रखते थे। सी. विक्रम सिंह की हत्या किलोकारी गांव में उनके घर के बाहर ही की गई। बताया जा रहा है कि कुछ लोग उनके फ्लैट के नीचे शराब पी रहे थे और शोर शराबा कर रहे थे। म्यूजिशियन ने उन लोगों को टोकते हुए हो-हल्ला करने से मना किया। इसी बात को लेकर उन लोगों ने म्यूजिशियन को पीटना शुरू कर दिया और इतना मारा कि उनकी जान चली गई।

शोर सुनकर विक्रम सिंह का बेटा वहां पहुंचा और अपने पिता को होली फैमिली अस्पताल ले गया जहां उनकी मौत हो गई। मारपीट के बाद आरोपी घटनास्थल से फरार हो गए। वहीं पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया है। आरोपियों की पहचान मोहन विश्वकर्मा (32), विजय (36), प्रमोद (26), मन्नू (26), रमजान खान (22), दीपांशु (21), भरत कुमार (19) के रूप में हुई है। नाबालिग आरोपी की पहचान गुप्त रखी गई है। यह सभी आरोपी आसपास के इलाकों के अलग-अलग ढाबों और खाने-पीने के स्टॉलों पर काम करते हैं।

वहीं मेघालय के मुख्यमंत्री कॉनराड के. संगमा ने मणिपुरी म्यूजिशियन विक्रम सिंह की हत्या पर शोक जताते हुए कहा कि इस घटना ने राजधानी में नॉर्थ-ईस्ट के लोगों के साथ होने वाले अत्याचारों के दर्दनाक घावों को एक बार फिर ताजा कर दिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और दिल्ली पुलिस से मांग की है कि यह सुनिश्चित किया जाए कि हत्यारोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले। दिल्ली यूनिवर्सिटी के नॉर्थ ईस्ट स्टूडेंट्स सोसाइटी की ओर से भी म्यूजिशियन की मौत पर शोक व्यक्त किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *