March 10, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूक्रेन का बड़ा दावा, रूस के 3500 सैनिक मारने और 100 से ज्यादा टैंक समेत सेना को भारी नुकसान पहुंचाने की कही बात

कीव। बीते दो दिन से रूस के चौतरफा हमले का निशाना बने यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने अब एक बड़ा दावा करते हुए रूस को जबरदस्त झटका देने की बात कही है। यूक्रेन का दावा है कि दो दिन की जंग में उसने रूस के 3500 सैनिकों को मार डाला है। इसके अलावा रूस के 14 लड़ाकू विमान, 8 हेलीकॉप्टर, 102 टैंक, 536 आर्मर्ड वाहन और 15 तोपें नष्ट करने का दावा भी यूक्रेन कर रहा है। यूक्रेन ने कल ही रूस के 2800 सैनिकों को मारने का दावा किया था। यूक्रेन के कल और आज किए गए दावों पर रूस की तरफ से कोई प्रतिक्रिया अब तक नहीं आई है।

यूक्रेन ने इससे पहले आज सुबह ये दावा किया था कि राजधानी कीव के बीच के इलाके में घुस आए रूस के सैनिकों को उसके जवानों ने तगड़ी चुनौती दी और उन्हें भागने के लिए मजबूर कर दिया। उसने ये दावा भी किया था कि रूस के दो मालवाहक विमानों को भी कीव के ऊपर नष्ट किया गया है। इन विमानों के जरिए पैराशूट वाले सैनिकों को यूक्रेन की राजधानी में उतारने की रूस कोशिश कर रहा था। वहीं, रूस ने दावा किया है कि उसने यूक्रेन के मेलिटोपोल शहर पर कब्जा कर लिया है। यूक्रेनी राष्ट्रपति वोल्दोमीर जेलिंस्की ने कहा है कि उनके देश की सेना हथियार नहीं डालेगी। उन्होंने सुबह फिर ट्वीट कर बताया कि वो कीव में अपने परिवार के साथ हैं।

इससे पहले शुक्रवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने यूक्रेन की सेना के नाम संदेश में कहा था कि वो देश की सरकार को उखाड़ फेंके और सत्ता पर कब्जा कर ले। वहीं, रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा था कि अगर यूक्रेन की सेना हथियार डाल देती है, तो रूस उससे बातचीत करने के लिए तैयार है। वहीं, यूक्रेन की सरकार ने रूसी नेताओं के बयान के बाद अपने 18 से 60 साल के नागरिकों को हथियार देकर किसी भी रूसी हमले के खिलाफ उठ खड़े होने के लिए कहा था। कीव में ऐसे सैकड़ों हथियारबंद नागरिक सेना की मदद के लिए वॉलेंटियर का काम कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *