चिता पर महिला का शव छोड़कर भागे संदिग्ध, आखिर किसका था खौफ? 30 कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद भी पुलिस खाली हाथ
रविन्द्र बंसल
लोनी। टीला शाहबाजपुर गांव के बंथला नहर रोड स्थित श्मशान घाट में चिता पर महिला का शव मिलने का मामला पुलिस के लिए पहेली बन गया है। महिला की मौत कैसे हुई और उसका शव श्मशान घाट तक कौन लेकर पहुंचा, इन सवालों का जवाब दूसरे दिन भी पुलिस नहीं तलाश सकी। करीब 30 वर्षीय अज्ञात महिला की पहचान के लिए चार पुलिस टीमें लगाई गई हैं। घटनास्थल तक पहुंचने वाले रास्तों पर लगे 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बावजूद पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है।
बुधवार रात करीब आठ बजे श्मशान घाट में लकड़ियों की चिता पर महिला का शव रखा मिला था। कथित तौर पर अंतिम संस्कार करने पहुंचे लोग जेसीबी पर काम कर रहे कर्मचारियों की आहट मिलते ही शव को चिता पर छोड़कर फरार हो गए। चिता पर शव छोड़कर संदिग्धों का इस तरह भागना घटना को और रहस्यमय बना रहा है। गीली लकड़ियों के कारण आग पूरी तरह नहीं पकड़ सकी और शव का कुछ हिस्सा ही झुलस पाया।
गले पर निशान, सिर पर चोट; हत्या की आशंका से जांच तेज
प्रारंभिक जांच में महिला के चेहरे और सिर के पिछले हिस्से पर चोट के निशान सामने आए। गले पर भी फंदे अथवा दबाव के निशान बताए गए हैं। इन परिस्थितियों ने महिला की मौत को लेकर संदेह गहरा दिया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हालांकि मौत की असल वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।
बिना पहचान और सूचना के अंतिम संस्कार की कोशिश क्यों?
मामले में सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला की मौत के बाद शव को सीधे श्मशान घाट क्यों लाया गया? अंतिम संस्कार की प्रक्रिया गोपनीय तरीके से क्यों अपनाई गई? मौके पर मौजूद लोग जेसीबी कर्मचारियों को देखकर शव छोड़कर क्यों भागे? क्या वे महिला की पहचान छिपाना चाहते थे या मौत से जुड़े किसी राज को दबाने की कोशिश कर रहे थे? फिलहाल इन सवालों का जवाब पुलिस जांच में ही सामने आएगा।
30 कैमरों की फुटेज भी नहीं खोल सकी राज
पुलिस ने महिला की पहचान के लिए चार टीमें गठित की हैं। घटनास्थल के आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे 30 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। आसपास के थानों को भी महिला की तस्वीर और हुलिए की जानकारी भेजी गई है। इसके बावजूद अब तक न महिला की पहचान हो सकी है और न ही शव को श्मशान घाट तक पहुंचाने वाले लोगों का पता चला है।
श्मशान घाट में चिता पर मिला महिला का शव केवल एक संदिग्ध मौत का मामला नहीं, बल्कि पुलिस की जांच के सामने खड़ी गंभीर चुनौती है। अब निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच पर टिकी हैं। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर वह महिला कौन थी, उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और चिता पर शव छोड़कर भागने वाले लोग कौन थे?
