May 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मल्लिकार्जुन खरगे ने बताया किन मुद्दों को उठाएगी पार्टी, कांग्रेस की न्याय यात्रा का नाम बदला

Congress Nyaya Yatra कांग्रेस की न्याय यात्रा का नाम अब बदल गया है। पार्टी ने इसका नाम अब ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ कर दिया है। 14 जनवरी से इस यात्रा की शुरुआत इंफाल से होगी, जिसका नेतृत्व राहुल गांधी करेंगे।

पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केंद्र में 10 साल की अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए भावनात्मक मुद्दे उठा रही है और उन्होंने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से आगामी लोकसभा चुनाव जीतने के लिए एकजुट होने को कहा।

सामाजिक न्याय के मुद्दे उठाएगी कांग्रेस

कांग्रेस अध्यक्ष ने कन्याकुमारी से कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा करने के लिए राहुल गांधी की सराहना की और विश्वास जताया कि मणिपुर से महाराष्ट्र तक उनकी भारत न्याय यात्रा सामाजिक न्याय के मुद्दों को राष्ट्रीय चर्चा के केंद्र में लाएगी।

खरगे ने कहा कि हम सभी कांग्रेसियों को एकजुट होना होगा और लोगों के सामने जमीनी मुद्दों पर भाजपा के झूठ, धोखे और गलत कामों का मुंहतोड़ जवाब देना होगा। उन्होंने नेताओं से अपने मतभेद दूर करने, आंतरिक मुद्दों को मीडिया में नहीं उठाने और एक टीम के रूप में काम करने को कहा।

जो सोनिया गांधी ने किया, वो करना होगा

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वो 25 साल तक कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में सोनिया गांधी के काम का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा उस कार्यकाल में कांग्रेस 10 साल सत्ता में रही और उस समय, हर गांव और शहर में हमारे कार्यकर्ता खड़े हुए थे। खरगे ने कहा कि आज, हमें पार्टी को आगे बढ़ाने के लिए उसी समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ काम करना होगा।

एनडीए सिर्फ नाम का, इंडिया ब्लॉक मजबूत

खरगे ने आगे कहा कि भाजपा के सभी हमले कांग्रेस और इंडिया ब्लॉक पर होते हैं, क्योंकि एनडीए केवल नाम के लिए रह गया है, जबकि इंडिया ब्लॉक में प्रमुख जमीनी स्तर की पार्टियां हैं। उन्होंने कहा कि इंडिया ब्लॉक के पास एक मजबूत कैडर, आधार और विचारधारा है।

परिवर्तनकारी साबित होगी यात्रा

कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि कांग्रेस की यह यात्रा परिवर्तनकारी साबित होने वाली है। उन्होंने कहा कि जिस तरह भारत जोड़ो यात्रा सफल रही, वैसे ही ये यात्रा सफल रहेगी।

NEWS SOURCE : jagran