नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान को धमकी मिली है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई पुलिस सूत्रों ने यह दावा किया गया है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के मोहम्मद यासीन उर्फ जीशान अख्तर ने सैफ अली खान को धमकी दी है। जीशान अख्तर एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या में वॉन्टेड है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। बॉलीवुड के कई अभिनेता इन दिनों गैंगस्टर्स के निशाने पर हैं। टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग होने के बाद से अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, तुषार कपूर, आयुष्मान खुराना समेत अन्य अभिनेताओं को धमकी मिल चुकी।
वहीं लगातार इस प्रकार के धमकी भरे कॉल और ईमेल के चलते बॉलीवुड की कई हस्तियों ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जाहिर की है और मुंबई पुलिस से अपनी सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। मुंबई पुलिस के अनुसार, पुलिस का सुरक्षा विभाग इन अनुरोधों की समीक्षा कर रहा है और धमकियों की गंभीरता और सच्चाई का आकलन कर रहा है। मुंबई पुलिस कुछ फिल्मी हस्तियों को ‘X कैटेगरी’ की सुरक्षा देने पर विचार कर रही है। ‘X कैटेगरी’ सुरक्षा में आमतौर पर दो हथियारबंद सुरक्षाकर्मी शामिल होते हैं। मुंबई पुलिस के मुताबिक हालांकि, अंतिम फैसला हर मामले में खतरे के आकलन के आधार पर लिया जाएगा। अभी तक कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है, लेकिन यह समीक्षा हाल ही में सामने आई सुरक्षा चिंताओं के बाद की जा रही है, जिसमें टाइगर श्रॉफ के घर के पास हुई गोलीबारी की घटना भी शामिल है।
इससे पहले मुंबई पुलिस ने बॉलीवुड सितारों के लिए एक सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी भी जारी की थी जिसमें उनसे यह अनुरोध किया गया था कि कुछ समय के लिए सार्वजनिक तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर न जाएं और साथ ही फैंस से भी कुछ दूरी बनाकर रखने को कहा गया था। आपको बता दें कि सलमान खान के घर और रोहित शेट्टी के अपार्टमेंट को निशाने बनाते हुए भी फायरिंग हो चुकी है।
