दिल्ली

आजम खान ने इंडिया गठबंधन से जाहिर की नाराजगी, असदुद्दीन ओवैसी पर कसा तंज

शेयर करें:

नई दिल्ली। सपा नेता आजम खान ने जेल से बाहर आने के एक दिन बाद आज पत्रकारों से बात की। उन्होंने अपने ऊपर चल रहे तमाम मामलों, आने वाले यूपी विधानसभा चुनाव, सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे को लेकर पूछे गए सवालों का अपने पुराने बेबाक अंदाज में जवाब दिया। इस दौरान सपा नेता ने इंडिया गठबंधन से अपनी नाराजगी भी जाहिर की। साथ ही एआईएमआईएम अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी पर तंज कसा। आजम खान ने असदुद्दीन ओवैसी के लिए कहा, वो एक बैरिस्टर हैं, ‘मौलाना’ नहीं। सिर्फ दाढ़ी रखने से कोई ‘मौलाना’ नहीं बन जाता, जैसे दाढ़ी रखने से कोई ‘साधु’ नहीं बन जाता।

आजम खान ने कहा, इंडिया गठबंधन से हमें इस बात की शिकायत है कि जब रामपुर में पहली बार चुनावी धांधली हुई थी, जब गलियों पर पुलिस और पीएसी लगा दी गई थी और लोगों को वोट डालने नहीं दिया था, पुलिस अधिकारियों ने हथियार लहराकर लोगों को खदेड़ दिया था, अगर इंडिया गठबंधन ने उसे गंभीरता से लिया होता तो कुंदरकी, संभल, हरियाणा या बंगाल में ये नतीजे नहीं आते। इंडिया गठबंधन ने उसे गंभीरता से नहीं लिया। आगामी यूपी विधानसभा चुनावों में सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे पर पूछे गए सवाल के जवाब में आजम बोले, व्यक्तिगत तौर पर, उन लोगों (कांग्रेस) के साथ मेरे संबंध बहुत अच्छे हैं।

आजम खान ने कहा, यह वह कांग्रेस नहीं है, और न ही यह कांग्रेस की वो लीडरशिप है जिसके समय में 6 दिसंबर की घटनाओं हुई थी, या 22-23 दिसंबर 1949 की रात की घटना हुई थी। यह वह कांग्रेस भी नहीं है जिसके कार्यकाल में ईदगाह मैदान पर ईद के दिन की घटना हुई, या मलियाना और मेरठ की घटनाएं घटीं। मौजूदा कांग्रेस नेतृत्व अलग है। सम्मानजनक समझौता है और सीटों का गरिमापूर्ण बंटवारा होगा। अगर हमें उन्हें कुछ ज्यादा भी देना पड़ा तो हम वह कुर्बानी देने के लिए भी तैयार हैं।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें