नई दिल्ली। भारत के भगोड़े गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ के खिलाफ कनाडा सरकार ने एक सख्त एक्शन लिया है। कनाडा ने 25 मोस्ट-वांटेड क्रिमिनल की नई लिस्ट जारी की है और इस लिस्ट में गोल्डी बराड़ का नाम टॉप पर है। साथ ही उस पर 2.5 लाख डॉलर का इनाम भी घोषित किया गया है। कनाडा के BOLO (बी ऑन द लुकआउट) प्रोग्राम के अनुसार, सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ की गिरफ्तारी में मदद करने वाले या उसकी जानकारी देने वाले व्यक्ति को 2.5 लाख कनाडाई डॉलर लगभग 2.33 करोड़ रुपये का इनाम दिया जाएगा।
कनाडा के उत्तर-पश्चिमी विनिपेग में 20 सितंबर 2023 को सुखदूल सिंह गिल की हत्या के मामले में स्थानीय पुलिस को गोल्डी बराड़ की तलाश है। गोल्डी बराड़ और उसके साथी करनबीर सिंह के खिलाफ 23 फरवरी 2026 को गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। अभी दो महीने पहले सितंबर में अमेरिका की जांच एजेंसी एफबीआई ने भी अपनी टॉप 10 मोस्ट वांटेड की सूची में गोल्डी बराड़ का नाम शामिल किया था। एफबीआई ने गोल्डी बराड़ पर 10 लाख डॉलर का इनाम भी घोषित कर रखा है। एफबीआई के मुताबिक गोल्डी बराड़ कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई ऑर्गनाइज्ड क्राइम ग्रुप का उत्तरी अमेरिका में प्रमुख ऑपरेशनल लीडर है। लॉस एंजिल्स की संघीय अदालत में गोल्डी बराड़ पर कई आरोप लगाए गए हैं।
कैलिफोर्निया की सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट संघीय अदालत ने 1 जुलाई को बराड़ का गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।एफबीआई के असिस्टेंट डायरेक्टर इंचार्ज पैट्रिक ग्रांडी ने कहा था, गोल्डी बराड़ एक बेहद खतरनाक व्यक्ति है। FBI और हमारे सहयोगियों ने उसे पकड़ना अपनी प्राथमिकता बना लिया है। भारत सरकार ने 2024 में गोल्डी बराड़ को यूएपीए के तहत आतंकी घोषित किया था। गोल्डी बराड़ हत्या, जबरन वसूली और ड्रग्स की तस्करी जैसे कई संघीय अपराधों में वांछित है। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी गोल्डी बराड़ का नाम सामने आया था।
