नई दिल्ली। यूपी के बुलंदशहर में कुख्यात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की टीम का यह संयुक्त ऑपरेशन था। नसीम दुर्रानी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। हाल ही में 16 नवंबर को दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा के सोनिया विहार में स्थित दफ्तर के बाहर समीर उर्फ भूरा की हत्या के मामले में नसीम दुर्रानी वांछित था। उसका लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। नसीम दुर्रानी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के डी-कंपनी गिरोह से जुड़ा हुआ था। इसके अलावा वो छोटा शकील के संपर्क में भी रह चुका था।
नोएडा एसटीएफ और दिल्ली पुलिस को नसीम दुर्रानी के बुलंदशहर में छिपे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए नसीम दुर्रानी को सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के जाट चौक पर घेर लिया। पुलिस ने उससे सरेंडर करने को बोला। मगर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई। इसमें नसीम दुर्रानी की मौत हो गई। पुलिस को उसके शव के पास से एक ऑटोमेटिक पिस्टल मिली है।
नसीम दुर्रानी के खिलाफ लूट, हत्या, और हत्या के प्रयास समेत लगभग 25 आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नसीम दुर्रानी उर्फ रिजवान पुत्र इस्लामुद्दीन उर्फ बुद्धू, उम्र लगभग 37 वर्ष दिल्ली के न्यू मुस्तफाबाद स्थित राजीव गांधी नगर में रहता था। वह एक हार्डकोर क्रिमिनल था। उस पर पाकिस्तानी मूल के तारिक फतेह की हत्या के मामले में साजिश में संलिप्तता का भी आरोप है। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, डॉन छोटा शकील ने दुर्रानी को छोटा राजन की हत्या के लिए एक बार कॉन्ट्रैक्ट दिया था। पुलिस ने पंचनामा भरके दुर्रानी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
