यूपी

यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 91 वर्ष की थीं

शेयर करें:

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का आज निधन हो गया। वो 91 वर्ष की थीं। उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित पंचूर गांव में अपने पैतृक आवास में उन्होंने अंतिम सांस ली। वो बढ़ती उम्र की वजह से होने वाली समस्याओं के चलते बीमार चल रही थीं। जिस वक्त उनके निधन की खबर आई योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में एक सरकारी कार्यक्रम में थे। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार उनका अंतिम संस्कार कल यानी शनिवार को हरिद्वार में किया जाएगा। योगी के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है, हालांकि फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

योगी की मां सावित्री देवी जून 2024 में काफी बीमार हो गई थीं तब उनको ऋषिकेश में स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया था। वो कई दिनों तक अस्पताल में रही थीं। उस दौरान योगी आदित्यनाथ अपनी मां को देखने हॉस्पिटल गए थे। सावित्री देवी के निधन से परिवार और उनके गांव के लोग दुखी हैं। योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट का अप्रैल 2020 में कोरोना काल के समय निधन हो गया था। उस वक्त कोविड संबंधी प्रतिबंधों के चलते योगी अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाए थे। आपको बता दें कि योगी आदित्यनाथ मई 2022 में अपने पैतृक गांव पंचूर गए थे। उस वक्त योगी ने अपनी मां सावित्री देवी और परिवार के अन्य सदस्यों से समय बिताया था और गांव के लोगों से भी मुलाकात की थी। इस दौरान योगी अपने घर पर एक रात रुके भी थे।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि कहा, योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा माननीय योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

Ad Zone: in_content

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें