April 22, 2026

Hind foucs news

hindi new update

UP: अलीगढ़ में गरजा ‘बाबा का बुलडोजर’, माफिया के कब्जे से मुक्त कराई गई 110 करोड़ रुपये की जमीन

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ की दोबारा सरकार आने के साथ ही बुलडोजर का असर दिखाना शुरू हो गया है। प्रदेश में अवैध निर्माण हो या फरार अपराधी की संपत्ति सब पर बुलडोजर चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में आज अलीगढ़, आगरा, बिजनौर, बुलंदशहर और कासगंज में भू-माफिया द्वारा किए गए अवैध कब्जे पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की है। अलीगढ़ के थाना बन्नादेवी क्षेत्र के एलमपुर में नगर निगम ने करीब 110 करोड़ रुपये की भूमि पर हुए अतिक्रमण को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया।

दरअसल शासन के दिशा निर्देश पर अलीगढ़ में लगातार अवैध रूप से कब्जा की गई जमीनों को कब्जा मुक्त कराया जा रहा है। इसी क्रम में आज नगर निगम द्वारा बन्नादेवी थाना इलाके के सारशोल पर 110 करोड रुपए की प्रॉपर्टी को बुलडोजर की मदद से कब्जा मुक्त कराया गया है। इस दौरान भारी तादाद में पुलिस फोर्स तैनात रहा है। हालांकि, नगर निगम की टीम को विरोध का भी सामना करना पड़ा है। यह अभियान दो जगह चलाया गया है। लंबे समय से कुछ भू-माफिया द्वारा नगर निगम की बेशकीमती प्रॉपर्टी पर कब्जा जमाया हुआ था। भू-माफिया ने जमीन पर ट्रक-कार रिपेयर करने के लिए बड़े-बड़े गैरेज बना रखे थे।

अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त के नेतृत्व में एलमपुर में अभियान चलाया गया। इस दौरान थाना बन्नादेवी की पुलिस भी मौजूद थी। अधिकारियों ने एलमपुर में (गाटा संख्या 172, 143 एवं 153) अस्थाई गैराज, ट्रक से संबंधित दुकानों आदि पर बुलडोजर चलवाया। उन्होंने बताया कि अवैध अतिक्रमण हटाने का अभियान शुरू कर दिया गया है, जो आगे भी जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान सहायक नगर आयुक्त ठाकुर प्रसाद सिंह, अधिशासी अभियंता अशोक कुमार भाटी, राजेश जैन, मानवेंद्र सिंह बघेल, विजय गुप्ता आदि मौजूद थे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *