यूक्रेन से जंग के बीच रूस ने किया खतरनाक मिसाइल ‘सरमट’ का टेस्ट, पुतिन ने कहा- अब सब डरेंगे
मॉस्को/वॉशिंगटन। यूक्रेन से जारी युद्ध के बीच रूस ने अमेरिका और पश्चिमी देशों को अपनी नई इंटरकॉन्टिनेंटल मिसाइल ‘सरमट’ के जरिए चुनौती दी है। इस मिसाइल से 11000 किलोमीटर दूरी तक मार किया जा सकता है। आवाज से 25 गुना तेज रफ्तार से उड़ने वाली इस मिसाइल से एक साथ सैकड़ों परमाणु बम भी गिराए जा सकते हैं। एक सरमट मिसाइल पूरे यूरोप को तबाह कर सकती है। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने सरमट मिसाइल के सफल टेस्ट पर सेना और वैज्ञानिकों को बधाई दी। पुतिन ने कहा कि ये मिसाइल रूस के दुश्मन देशों को चिंतित होने पर मजबूर कर देगी। हालांकि, अमेरिका ने कहा कि उसे सरमट की कोई परवाह नहीं है और ये मिसाइल अन्य मिसाइलों की तरह ही सामान्य है।
सरमट के टेस्ट पर पुतिन ने कहा कि ये मिसाइल तकनीकी रूप से तमाम खासियतों वाली है। ये सभी एंटी मिसाइल डिफेंस सिस्टम से बचकर लक्ष्य पर हमला कर सकती है। एक सथ कई लक्ष्यों को भेद सकती है और दुनिया में सरमट के मुकाबले कोई और मिसाइल नहीं है। बता दें कि सरमट के पहले भी रूस कई टेस्ट कर चुका है। पश्चिमी देश और अमेरिका ने रूस की इस नई मिसाइल का नाम ‘SATAN’ यानी शैतान रखा है।
इस बीच, यूक्रेन को जर्मनी ने झटका दिया है। अब तक अन्य यूरोपीय देशों की तरह जर्मनी भी यूक्रेन को गोला-बारूद की मदद दे रहा था, लेकिन उसने अब ऐसा करने से मना कर दिया है। बॉन से खबर है कि जर्मनी से यूक्रेन ने तमाम गोला-बारूद मांगा था। इस पर जर्मनी ने कहा है कि यूक्रेन की काफी सैन्य मदद वो कर चुका है और आगे करने में नाकाम है। जर्मनी में रूस से प्राकृतिक गैस खरीदने पर बैन के खिलाफ भी लगातार आवाजें उठ रही हैं। ऐसे में जर्मनी का ताजा फैसला यूक्रेन पर भारी और रूस के लिए आसान राह बना सकता है।
