May 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

नाइजीरिया के चर्च में नरसंहार, बंदूकधारियों ने 50 ईसाइयों की जान ली

ओवो। अफ्रीकी देश नाइजीरिया के दक्षिण-पश्चिम इलाके के ओवो शहर में कुछ अज्ञात हमलावरों ने रविवार की प्रार्थना के वक्त एक चर्च में घुसकर फायरिंग की। इस वारदात में कम से कम 50 लोगों की मौत होने की खबर है। घटना सेंट फ्रांसिस चर्च में हुई। पुलिस के मुताबिक हमला करने वालों ने फायरिंग के साथ चर्च के भीतर बम भी फेंके। वारदात के वक्त पेंटेकोस्ट संडे का त्योहार मनाने के लिए ईसाई समुदाय के लोगों की भीड़ चर्च में थी। हर तरफ जश्न का माहौल था। इसी बीच हमलावर घुस आए। उन्होंने पहले बम फेंके और अफरातफरी मचने के बाद एक तरफ से घेरकर फायरिंग शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक मृतकों में बच्चे और महिलाएं भी हैं। फायरिंग और बम के टुकड़े लगने से तमाम लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमला किसने और क्यों किया, इसकी जानकारी नहीं है। नाइजीरिया सरकार या ओवो के प्रशासन ने मरने वालों की संख्या की पुष्टि नहीं की है, लेकिन स्थानीय मीडिया ने 50 लोगों के शव अस्पतालों में होने की पुष्टि की है। पुलिस ये जानकारी जुटा रही है कि इस घटना को करने वालों का किस संगठन से जुड़ाव है। पहले खबर आई थी कि इस्लामी आतंकियों ने वारदात की है, लेकिन पुलिस ने इसकी भी पुष्टि करने से मना कर दिया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही हमलावरों के बारे में कुछ कहा जा सकता है।

ओवो शहर के एक जनप्रतिनिधि ओलुवोले ने बताया कि ओवो शहर में इससे पहले इतनी भयानक घटना कभी नहीं हुई। उन्होंने मृतकों के परिजनों की हर संभव मदद करने का एलान भी किया है। नाइजीरिया सरकार की तरफ से भी घायलों की मदद की जा रही है। मृतकों के घरवालों को भी मदद देने की बात स्थानीय प्रशासन ने की है। खास बात ये है कि ताबड़तोड़ फायरिंग और बमबाजी होने के बाद भी पुलिस वक्त पर चर्च नहीं पहुंच सकी और हमलावर इस कांड को करने के बाद आराम से फरार हो गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *