अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में गोलीबारी, 15 साल की लड़की की मौत, पुलिस अफसर समेत कई घायल
वॉशिंगटन। अमेरिका में एक बार फिर गोलीबारी हुई है। ताजा वारदात राजधानी वॉशिंगटन डीसी में हुई। मीडिया के मुताबिक एक पुलिसकर्मी समेत कई लोगों को गोली लगी है। गोलीबारी में 15 साल की लड़की की मौत हुई है। हमलावर कौन है और उसने किस वजह से गोली चलाई, इसका पता अभी नहीं चल सका है। खबरों के मुताबिक गोलीबारी तीसरी स्ट्रीट पर जूनटींथ म्यूजिक कॉन्सर्ट के पास हुई। वॉशिंगटन डीसी मेट्रोपोलिटन पुलिस के मुताबिक इलाके में जवानों को भेजा गया है। खबर लिखे जाने तक और जानकारी पुलिस ने नहीं दी है। बता दें कि अमेरिका में इससे पहले गोलीबारी में तमाम लोगों की मौत हुई थी। एक स्कूल में हुई फायरिंग की घटना के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने हथियारों पर रोक लगाने का कानून बनाने का एलान भी किया था।
बाइडेन ने अमेरिकी संसद से कहा था कि वो इस बारे में कानून बनाए। उन्होंने कहा था कि घातक हथियारों पर रोक हर हाल में लगनी चाहिए। बता दें कि अमेरिका में लगातार फायरिंग की घटनाएं होती हैं। राष्ट्रपति रहते डोनल्ड ट्रंप ने भी इन घटनाओं पर चिंता जताई थी। जो बाइडेन ने चुनाव प्रचार के दौरान इसे मुद्दा भी बनाया था, लेकिन इस बारे में अभी तक कोई कानून अमेरिका में नहीं बना है। इस वजह से आम लोगों के पास घातक हथियार हैं और आए दिन फायरिंग की घटनाएं होती रहती हैं।
कुछ वक्त पहले एक स्कूल में सिरफिरे किशोर ने घुसकर फायरिंग की थी। घर में दादी की हत्या करने के बाद किशोर स्कूल पहुंचा था और वहां कहर बरपाया था। उस घटना में 21 लोगों की मौत हुई थी। पुलिस ने बाद में मौके पर पहुंचकर किशोर को मार गिराया था। अब वॉशिंगटन डीसी जैसे अति सुरक्षित शहर में खुलेआम फायरिंग से लोगों में हड़कंप है और शहर में सनसनी फैल गई है।
