August 14, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Mass Shooting: सबसे सुरक्षित देश कहे जाने वाले डेनमार्क की राजधानी कोपनहेगन के मॉल में गोलीबारी, 3 की मौत

कोपनहेगन। अति सुरक्षित देश माने जाने वाले डेनमार्क की राजधानी कोपनहेगन में रविवार रात एक शख्स ने शॉपिंग मॉल में अंधाधुंध गोलीबारी की। इस गोलीबारी में 3 लोगों की मौत हो गई। 3 अन्य की हालत गंभीर है। पुलिस के मुताबिक उसने घटना के बाद 22 साल के एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। ये वारदात कोपनहेगेन के बाहरी इलाके में स्थित देश के सबसे बड़े शॉपिंग मॉल ‘फील्ड्स’ में हुई। रविवार की छुट्टी के कारण यहां बड़ी तादाद में लोग खरीदारी करने आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि अचानक ही हमलावर रायफल के साथ घुसा और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इससे वहां भगदड़ मच गई।

घटना के दौरान अपने पैरेंट्स के साथ वहां काफी बच्चे भी थे। इन सबको बचाने के लिए मौके पर पहुंची पुलिस को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। कुछ लोगों के मुताबिक पहले मॉल से कुछ लोग बाहर भागे। इसके बाद फायरिंग की आवाज सुनाई दी और फिर लोग अपने बच्चों को लेकर दौड़ते-भागते हुए निकलते दिखे। हर तरफ इस दौरान चीख-पुकार मची हुई थी। कोपनहेगन पुलिस की ऑपरेशन यूनिट के चीफ सोरेन थॉमसन ने बताया कि इस वारदात को आतंकी हमले के एंगल से भी देखा जा रहा है। हमलावर के साथ और कोई था या नहीं, इसकी भी पड़ताल पुलिस कर रही है।

कोपहनहेगन में हाल ही में टूर द फ्रांस साइक्लिंग प्रतियोगिता हुई थी। यहां बंदूक रखने के लिए काफी सख्त कानून हैं। इसके बाद भी शॉपिंग मॉल में हुई वारदात ने सभी को परेशान कर दिया है। कोपनहेगन को दुनिया के सबसे सुरक्षित शहरों में माना जाता है। किस तरह बंदूकधारी मॉल की सिक्योरिटी को चकमा देकर अंदर घुस पाया, इसकी जांच भी पुलिस कर रही है। फिलहाल मॉल और अन्य संवेदनशील जगहों की सुरक्षा बढ़ाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *