June 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राहुल गांधी के खिलाफ गलत खबर चलाने पर एंकर को गिरफ्तार करने पहुंची छत्तीसगढ़ पुलिस, लेकिन यूपी पुलिस ने कर दिया खेल

गाजियाबाद। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बारे में गलत खबर चलाने के आरोप में जी न्यूज के एंकर रोहित रंजन को गिरफ्तार करने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम यूपी के गाजियाबाद में इंदिरापुरम स्थित उनके घर पहुंची। आरोप है कि छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम ने इस बारे में यूपी पुलिस को कोई जानकारी तक नहीं दी। रोहित ने इस बारे में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और यूपी पुलिस को टैग करते हुए ट्वीट किया। इसके बाद इंदिरापुरम थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। छत्तीसगढ़ पुलिस और इंदिरापुरम थाने की पुलिस के बीच इस मामले में काफी बहस हुई। छत्तीसगढ़ पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए स्थानीय पुलिस को सूचना देना जरूरी नहीं है। उसने रोहित के ट्वीट पर लिखा कि आप जांच में सहयोग कीजिए और सारी दलीलें कोर्ट में दीजिएगा। उधर, जी न्यूज ने आरोप लगाया है कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने रोहित को गालियां दी और धक्कामुक्की की। चैनल ने कहा है कि वो इस मामले में नहीं झुकेगा।

पूरा मामला कांग्रेस नेता राहुल गांधी के एक बयान को लेकर है। जी न्यूज में अपने शो ‘डीएनए’ में रोहित ने खबर चलाई थी कि राहुल गांधी ने अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड में उदयपुर में कन्हैयालाल के हत्यारों को कम उम्र बताया और उन्हें माफ करने की बात कही। जबकि, राहुल गांधी ने वायनाड में ये बात अपने दफ्तर पर हमला करने वाले एसएफआई कार्यकर्ताओं के लिए कही थी। कांग्रेस के नेताओं ने रोहित के शो में गलत जानकारी चलाए जाने पर हंगामा खड़ा कर दिया था। पार्टी कार्यकर्ताओं ने जी न्यूज के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन भी किया था। कांग्रेस के नेताओं ने कहा था कि इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद रोहित के खिलाफ छत्तीसगढ़ में केस दर्ज हो गया।

वहीं, रोहित ने बाकायदा ट्वीट कर इस मामले में खेद जताया था। अपने शो और अन्य न्यूज बुलेटिन में उन्होंने बाकायदा माफीनामा भी पेश कर राहुल के बयान को सही संदर्भ में भी पेश किया था। उन्होंने कहा था कि गलत खबर मानवीय भूल के कारण चली। जी न्यूज ने राहुल के बयान को गलत तरीके से चलाने के लिए अपने दो कर्मचारियों को बर्खास्त भी कर दिया था। जी न्यूज पर चलाए गए माफीनामे को आप यहां देख सकते हैं। खैर अब इस माफीनामें के बाद भी मामला काफी बढ़ गया है। जहां एक ओर एंकर रोहित रंजन को गिरफ्तार कर लिया गया है। नोएडा पुलिस ने इस दौरान जहां एंकर को गिरफ्तार कर के ले गई तो वहीं, छत्तीसगढ़ पुलिस हाथ मलती रह गई।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *