June 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी का 61वां जन्मदिन आज, एक्टर नहीं क्रिकेटर बनना चाहते थे अन्ना

नई दिल्ली। अभिनेता सुनील शेट्टी आज अपना 61वां जन्मदिन सेलीब्रेट कर रहे हैं। सुनील शेट्टी का जन्म 11 अगस्त 1961 को कर्नाटक के मैंगलोर के मुल्की में हुआ था। इन्होंने अपने एक्टिंग करियर में एक से बढ़कर फिल्में की हैं। एक्शन से लेकर लव स्टोरी और कॉमेडी फिल्मों तक सुनील शेट्टी ने अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया है। अपने 30 वर्ष के करियर में सुनील शेट्टी सौ से ज्यादा मूवी में काम कर चुके हैं। दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने अभिनय को कभी अपना करियर माना नहीं था। मगर, जब फिल्मों में काम किया तो यहां इनकी एक्टिंग का जादू चल गया और आज नतीजा सबके सामने है। बॉलीवुड इंडस्ट्री के साथ-साथ सुनील शेट्टी एक बिजनेसमैन भी हैं। आइए जानते हैं इनके बारे कुछ दिलचस्प बातें-

करियर की शुरुआत

सुनील शेट्टी ने अपने फिल्मी करियर के शुरुआती दौर में साल 1992 में आई फिल्म ‘बलवान’ से की थी। दिलचस्प बात यह है कि इस फिल्म में सुनील शेट्टी के साथ काम करने के लिए कोई अभिनेत्री तैयार नहीं थी, क्योंकि वह नए एक्टर थे। लेकिन, बाद में दिवंगत एक्ट्रेस दिव्या भारती ने हामी भरी और इस फिल्म में सुनील शेट्टी के साथ उनकी जोड़ी देखने को मिली। इस मूवी के बाद वह एक्शन हीरो बनकर उभरे। साल 1994 में आई फिल्म ‘मोहरा’ के बाद उनके करियर ने नई छलांग लगाई और 2001 में आई ‘धड़कन’ ने सुनील को लोकप्रिय बना दिया। इनके अलावा ‘दिलवाले’, ‘रक्षक’,’अंत’,’भाई’, ‘गोपी किशन’, ‘कृष्णा’, ‘बॉर्डर’, ‘हेराफेरी’ जैसी सौ से ज्यादा फिल्मों में एक्टर काम कर चुके हैं। बता दें कि सुनील शेट्टी को बॉलीवुड में अन्ना नाम से पुकारा जाता हैं।

एक्टिंग में नहीं थी रुची

आज इंडस्ट्री में सुनील शेट्टी एक अलग नाम है। मगर, खबरों के अनुसार सुनील शेट्टी को अभिनय में कोई रुची नहीं थी। वह तो क्रिकेटर बनना चाहते थे, इसलिए स्पोर्ट्स पर उनका ज्यादा ध्यान था। एक्टिंग के बारे में उन्होंने सोचा नहीं था। एक बातचीत के समय सुनील शेट्टी ने कहा था, ‘मैं अपने देश के लिए खेलना चाहता था। खिलाड़ी बनने के लिए मैंने मार्शल आर्ट की भी शिक्षा ली है। और फिटनेस पर ध्यान दिया,लेकिन क्या पता था कि मार्शल आर्ट्स अभिनय और मूवी में काम आएगी।’

बता दें कि सुनील शेट्टी किक बॉक्सिंग में ब्लैक बेल्ट हैं। अभिनय के अलावा सुनील शेट्टी फिल्म प्रोडक्शन में भी हाथ आजमा चुके हैं। पॉपकॉर्न एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के नाम से इनका प्रोडक्शन हाउस है। उन्होंने ‘खेल’, ‘रक्त’ और ‘भागमभाग’ जैसी फिल्में प्रोड्यूस कीं, लेकिन मूवी प्रोडक्शन में इन्हें सफलता नहीं मिल पाई। अभिनय और फिल्म प्रोडक्शन के अलावा सुनील शेट्टी बिजनेस की दुनिया में भी एक्टिव हैं। खबरो के अनुसार उनके कई रेस्टोरेंट और क्लब हैं। दिलचस्प बात यह है कि सुनील शेट्टी ने होटल मैनेजमेंट में डिग्री हासिल की हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *