May 3, 2026

Hind foucs news

hindi new update

गृहमंत्री अमित शाह की सुरक्षा में बड़ी चूक, खुद को सांसद का पीए बताकर आसपास घूमता रहा शख्स, गिरफ्तार

मुंबई। केंद्र सरकार में बड़ी हैसियत रखने वाले गृहमंत्री अमित शाह की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। बीते दिनों अमित शाह जब मुंबई गए थे, उस दौरान सुरक्षा चूक हुई। एक व्यक्ति शाह के इर्द-गिर्द कई घंटे घूमता रहा। सुरक्षा एजेंसियों के पूछने पर उसने खुद को आंध्रप्रदेश के एक सांसद का पीए बताया था। उसकी बात पर भरोसा भी कर लिया गया। बाद में शक होने पर गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने मुंबई पुलिस को जानकारी दी। मुंबई पुलिस ने उससे पूछताछ के बाद गिरफ्तारी की है। आरोपी का नाम हेमंत पवार है। वो महाराष्ट्र के धुले का रहने वाला है।

पुलिस ये जानना चाहती है कि हेमंत पवार आखिर किस वजह से अमित शाह के आसपास घूम रहा था। खुद को उसने आंध्रप्रदेश के सांसद का पीए क्यों बताया और उसकी बात पर आखिर सुरक्षाकर्मियों को भरोसा कैसे हो गया? माना जा रहा है कि इस मामले में अभी और भी कई लोगों की गिरफ्तारी हो सकती है। साथ ही हेमंत को अमित शाह के आसपास आने देने के मामले में कुछ अफसरों पर भी कार्रवाई होने के आसार दिख रहे हैं। बता दें कि इससे पहली पीएम नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में भी बड़ी चूक हुई थी। ये घटना उनके पंजाब दौरे के वक्त हुई थी।

पंजाब में इस साल हुए विधानसभा चुनाव से पहले मोदी फिरोजपुर में सरकारी योजनाओं के उद्घाटन में जा रहे थे। जब कथित किसान आंदोलनकारियों ने एक फ्लाईओवर पर उनके काफिले को 20 मिनट तक रोक लिया था। पुलिस की जांच में पता चला था कि जिस भीड़ ने मोदी के काफिले को रोका था, उसमें खालिस्तानी तत्व भी थे। ये मामला सुप्रीम कोर्ट तक गया था। जिसके बाद कोर्ट की कमेटी ने पीएम की सुरक्षा के लिए बनी ब्लू बुक में तमाम बदलाव करने का सुझाव दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *