April 30, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कनाडा में स्वामीनारायण मंदिर को खालिस्तानियों ने बनाया निशाना, दीवारों पर लिखे भारत विरोधी नारे

टोरंटो। कनाडा में खालिस्तानी तत्व लगातार अपनी हरकतें बढ़ा रहे हैं और वहां की सरकार इन आतंकी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। ताजा मामला टोरंटो का है। यहां के मशहूर पीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर की दीवारों पर खालिस्तानी और भारत विरोधी नारे लिख दिए गए। आतंकी संगठन सिख्स फॉर जस्टिस ने इसकी जिम्मेदारी ली है। इससे कनाडा के हिंदू समुदाय में आक्रोश है। लोग सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

कनाडा में भारतीय उच्चायोग ने भी मंदिर की दीवारों पर भारत विरोधी नारे लिखे जाने की निंदा करते हुए सरकार से जांच की मांग की है। वहीं, कनाडा में भारतीय मूल के सांसद चंद्र आर्य ने कहा है कि ये पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई मंदिरों को नुकसान पहुंचाने की कोशिश हुई है। बता दें कि कुछ महीने पहले कनाडा में महात्मा गांधी की प्रतिमा को भी खालिस्तानी तत्वों ने नुकसान पहुंचाया था।

बीएपीएस स्वामीनारायण मंदिर की दीवारों पर खालिस्तानी और भारत विरोधी नारे लिखे जाने का वीडियो भी सामने आया है। कनाडा में ब्रैम्पटन के मेयर पैट्रिक ब्राउन ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा है कि कनाडा में इस तरह की नफरत के लिए कोई जगह नहीं है। ब्राउन ने कहा कि मंदिर की दीवार पर नारे लिखने वालों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाएगा। वहीं, ब्रैम्पटन की सांसद सोनिया सिद्धू ने घटना पर दुख जताया है। सिद्धू ने कहा कि हमारा समाज बहु सांस्कृतिक और बहु धार्मिक है। यहां हर कोई सुरक्षित महसूस करता रहा है। मंदिर की दीवारों को निशाना बनाने वालों को नतीजे भुगतने के लिए तैयार रहना चाहिए।

कनाडा में बड़ी तादाद में भारतीय रहते हैं। इनमें से ज्यादातर पंजाब से वहां गए हुए हैं। पंजाब के लोगों को बरगलाने के लिए खालिस्तान की मांग करने वाले आतंकी वहां अपना डेरा डाले हुए हैं। भारत ने कई बार कनाडा सरकार से ऐसे खालिस्तानी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है, लेकिन कनाडा की सरकार ने आज तक कोई सख्त कदम नहीं उठाया है। इसी वजह से भारत विरोधी गतिविधियां वहां आए दिन होती रहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *