February 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

आजम खान के फिर जेल जाने की नौबत, जौहर यूनिवर्सिटी से पुलिस ने अब बरामद की चोरी की किताबें

रामपुर। समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता आजम खान नई मुश्किल में घिरते दिख रहे हैं। आजम की जौहर यूनिवर्सिटी से पुलिस ने चोरी की किताबें बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने मंगलवार को जौहर यूनिवर्सिटी में लिफ्ट के नीचे की दीवार तुड़वाकर वहां से किताबें बरामद की। इनमें से कई अति प्राचीन हैं। पुलिस का कहना है कि ये किताबें मदरसा आलिया से चोरी की गई थीं। इस बारे में 2019 में आजम खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई थी। बता दें कि आजम खान पर 80 से ज्यादा केस हैं और कुछ महीने पहले ही उनकी सीतापुर जेल से रिहाई हुई थी।

रामपुर पुलिस ने किताबें बरामद करने के बाद मीडिया को बताया कि चार दिन पहले अनवर और सालिम को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया गया था। ये दोनों आजम के विधायक बेटे अब्दुल्ला आजम के करीबी हैं। अनवर और सालिम की गिरफ्तारी के बाद मदरसा आलिया के प्रिंसिपल ने पुलिस से आग्रह किया था कि ये दोनों उनके यहां से चोरी गई किताबें बरामद करवा सकते हैं। इसके बाद पुलिस ने दोनों से पूछताछ की और उनसे मिली जानकारी के आधार पर जौहर यूनिवर्सिटी में दीवार तुड़वाकर किताबें बरामद की गईं। एक दिन पहले ही आजम की यूनिवर्सिटी से पुलिस ने जमीन खोदकर नगर निगम की सफाई मशीन भी निकाली थी।

आजम पर योगी सरकार के दौर में तमाम केस दर्ज किए गए। इनमें बकरी चोरी से लेकर गरीबों और सरकारी जमीन पर कब्जे के केस भी हैं। आजम खान को इन मामलों में 27 महीने तक जेल में रहना पड़ा। लगातार दर्ज होते केस उनके लिए बड़ी मुश्किल बनते रहे। आखिरकार सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें जमानत दी थी। अब चोरी की किताबें बरामदगी के बाद उनके फिर जेल जाने के आसार दिख रहे हैं। बीते दिनों आजम को हार्ट अटैक भी आया था। जिसके बाद दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उनको स्टेंट लगाया गया। आजम पहले कोरोना होने के कारण भी अस्पताल में रह चुके हैं।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed