June 30, 2026

Hind foucs news

hindi new update

यूक्रेन पर रूस के हमले के 250 दिन पूरे, लाखों लोगों का बिजली-पानी गुल, दुनिया में अनाज की कमी का भी अंदेशा

कीव/मॉस्को। यूक्रेन पर रूस के हमले को 250 दिन हो गए हैं। इस साल 24 फरवरी को रूस ने यूक्रेन पर हमले की शुरुआत की थी। माना जा रहा था कि रूस महज एक हफ्ते में ही यूक्रेन पर जीत हासिल कर लेगा, लेकिन अमेरिका और यूरोपीय देशों की सैन्य मदद से यूक्रेन लगातार रूस का सामना कर रहा है। हालांकि, सोमवार को रूस ने अपने हमले में और तेजी की है। रूस की तरफ से तीन दर्जन से ज्यादा मिसाइलें अकेले यूक्रेन की राजधानी कीव पर गिरीं। यूक्रेन के कई और शहरों को भी रूसी मिसाइलों और ड्रोन ने निशाना बनाया। इससे बड़ी आबादी के घरों में बिजली और पानी गुल हो गया है। रूस अब बिजलीघरों वगैरा को ही मुख्य तौर पर निशाना बना रहा है। उसके जवान जंग तो लड़ ही रहे हैं।

सोमवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन ने मीडिया से बात की। उन्होंने दावा किया कि हर हाल में यूक्रेन के साथ हो रहे युद्ध को उनका देश जीतेगा। पुतिन ने ये आरोप भी लगाया कि यूक्रेन ने काला सागर के जरिए अनाज निर्यात के लिए जो गलियारा हासिल किया था, उसे सेवेस्तोपोल में रूसी जंगी जहाजों पर हमले के लिए इस्तेमाल किया। इस वजह से रूस ने अनाज निर्यात समझौते से हाथ खींच लिया है। रूस के इस कदम से दुनिया के तमाम देशों में अब अनाज संकट पैदा होने की आशंका बढ़ गई है। हालांकि, संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतेरस ने रूस से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है।

इस बीच, रूस की तरफ से ब्रिटेन पर आरोप लगाया गया है कि उसकी नौसेना ने जर्मनी की तरफ जा रही नॉर्ड-2 गैस पाइपलाइन को नष्ट किया। रूस का कहना है कि इस पाइपलाइन को निशाना बनाने के बाद ब्रिटिश पीएम रहीं लिज ट्रस ने इसकी जानकारी अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन को दी थी। रूस का दावा है कि ट्रस ने बाइडेन को मैसेज कर बताया था कि काम हो गया है। इस आरोप के बाद अब रूस और ब्रिटेन के बीच तनातनी और भी बढ़ने के आसार दिख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *