डोमिनिका कोर्ट से भगोड़े चोकसी को बड़ा झटका, जमानत याचिका फिर हुई खारिज
नई दिल्ली। पंजाब नेशनल बैंकघोटाले का आरोपी और भगोड़ा कारोबारी मेहुल चोकसी को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। दरअसल डोमिनिका हाईकोर्ट ने चोकसी की जमानत याचिका को खारिज कर दिया है। जज वायनानते एड्रिन-रॉबर्ट्स ने चोकसी को ‘फ्लाइट रिस्क’ माना है और यही वजह है कि मेहुल चोकसी को जमानत देने से मना कर दिया है।
बता दें कि बीती 25 मई को चोकसी एंटीगुआ और बारबुडा से लापता हो गया था। इसके बाद वह 26 मई को डोमिनिका में पकड़ा गया था। इससे पहले एंटीगुआ के प्रधानमंत्री गैस्टन ब्राउन ने रविवार को डोमिनिका की कोर्ट से चोकसी को सीधे भारत भेजने का आग्रह किया था। उन्होंने यह भी आशंका जताई थी कि डोमिनिका में मेहुल गर्लफ्रेंड के चक्कर में पकड़ा गया।
मेहुल चोकसी 13,500 करोड़ रुपये के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ऋण धोखाधड़ी मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा भारत में वांछित है। सीबीआई द्वारा मामला दर्ज करने से कुछ दिन पहले वह जनवरी 2018 में एंटीगुआ शिफ्ट हो गया था।
