FIFA 2022, Brazil vs Switzerland : एक रोमांचक मुकाबले में स्विटजरलैंड को हराकर राउंड ऑफ-16 में पहुंचा ब्राजील
दोहा। नेमार के बिना मैच खेल रही ब्राजील ने स्विटजरलैंड को हराकर राउंड ऑफ-16 के लिए क्वालिफाई कर लिया है। मैच का एकमात्र गोल कैसेमीरो ने 83वें मिनट में किया। इस जीत के साथ ब्राजील की टीम प्री-क्वार्टरफाइनल में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनी। इससे पहले फ्रांस अगले राउंड के लिए क्वालिफाई कर चुकी है। वहीं, स्विटजरलैंड को अभी और इंतजार करना होगा। स्विटजरलैंड का अगला मुकाबला दो दिसंबर को सर्बिया से है। वहीं, ब्राजील की टीम इसी दिन कैमरून से भिड़ेगी। ब्राजील के दो मैचों में छह अंक हैं। वहीं, स्विटजरलैंड के इतने ही मैचों में तीन अंक हैं। दोनों ही टीमों ने शानदार खेल का नजारा पेश किया।
Updates-
आज फीफा विश्व कप 2022 में ग्रुप-जी के मुकाबले में ब्राजील और स्विटजरलैंड की टीमें आमने-सामने है। दोनों टीमें अपना पिछला मुकाबला जीतकर यहां तक पहुंची है। अपने पिछले मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्राजील ने सर्बिया को 2-0 से हराया था। वहीं, स्विटरलैंड ने कैमरून को 1-0 से हराया था। ब्राजील की फीफा रैंकिंग एक है, जबकि स्विटजरलैंड की टीम 15वें स्थान पर है। यह मैच कतर के 974 स्टेडियम में खेला जा रहा है।
हाफ-टाइम तक कोई गोल नहीं कर सकी दोनों टीमें
ब्राजील और स्विट्जरलैंड के बीच फुटबॉल का ये महामुकाबला बेहद रोमांचक तरीक़े से चल रहा है। हाफ टाइम तक ब्राजील और स्विटजरलैंड की टीम कोई गोल नहीं कर सकी है। ब्राजील ने छह शॉट अटेम्प्ट किया। इसमें से दो ऑन टारगेट रहे। हालांकि, ब्राजील की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। ब्राजील का बॉल पजेशन 55 प्रतिशत रहा है। वहीं, स्विटजरलैंड की टीम ने सिर्फ एक शॉट अटेम्प्ट किया है। हालांकि, उनका कोई शॉट ऑन टारगेट नहीं रहा। स्विटजरलैंड का बॉल पजेशन 45 प्रतिशत रहा। यह वर्ल्ड कप के मैच स्विटजरलैंड द्वारा अटेम्प्ट किया गया सबसे कम शॉट है। उन्होंने 2010 के अपने रिकॉर्ड की बराबरी की। 2010 वर्ल्ड कप में अपने ओपनिंग मैच में स्विटजरलैंड ने पहले हाफ में एक ही शॉट अटेम्प्ट किया था। दोनों ही टीमें अपने पहले गोल की ओर देख रही हैं।
