Al Qaeda: अल-कायदा ने भारत, मोदी सरकार और हिंदुओं के खिलाफ जेहाद का किया एलान, मुसलमानों से उठ खड़े होने का आह्वान
वॉशिंगटन। आतंकी संगठन अल-कायदा ने भारत और नरेंद्र मोदी सरकार के खिलाफ जेहाद का एलान किया है। अपनी अंग्रेजी मैगजीन ‘वन उम्माह’ में अल-कायदा ने भारत, मोदी सरकार और हिंदुओं के बारे में जहर उगला है। वन उम्माह के ताजा अंक में खतरनाक आतंकी संगठन ने भारत के मुसलमानों को उकसाने की भी कोशिश की है। इसके लिए अल-कायदा ने नूपुर शर्मा के नाम का सहारा लिया है। बता दें कि नूपुर पर एक टीवी डिबेट में पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ बोलने का आरोप लगा था। जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ा। इसपर खाड़ी देशों की प्रतिक्रिया और देश में कई जगह हिंसा हुई। फिर बीजेपी ने नूपुर शर्मा को पार्टी से सस्पेंड कर दिया था।
अल-कायदा ने अब वन उम्माह मैगजीन के ताजा अंक में लिखा है कि नूपुर शर्मा ने पैगंबर का अपमान किया। उसने लिखा है कि अल-कायदा नूपुर और नरेंद्र मोदी को दोषी मानता है। दुनियाभर के मुसलमानों को इसके खिलाफ एकजुट होना चाहिए। अल-कायदा दुनियाभर के मुसलमानों से भारत का, उसके सामान और हिंदुओं के बहिष्कार का आह्वान करता है। मैगजीन में ये भी लिखा गया है कि भारत के मुसलमानों को भी अल-कायदा का साथ देना चाहिए। खाड़ी देशों में रहने वाले भारतीयों और हिंदुओं को वहां से निकाल देना चाहिए। अल-कायदा ने कश्मीर को आजाद कराने के लिए भारत के मुसलमानों से मदद भी मांगी है। अल कायदा ने मैगजीन में 9/11 के अमेरिका पर हुए आतंकी हमले में जुड़े लोगों को हीरो बताया है। उनको न भुलाने की मुसलमानों से अपील भी की है।
तीन दिन पहले ही अल-कायदा ने अपने नेता रहे अयमान अल-जवाहिरी का एक ऑडियो भी जारी किया था। वो संगठन के कुछ आतंकियों के मारे जाने पर उनको श्रद्धांजलि देता सुनाई दिया था। अमेरिका ने इस साल जुलाई में दावा किया था कि उसने काबुल में अल-जवाहिरी को ड्रोन हमले में मार गिराया है। अल-कायदा की ओर से जवाहिरी का ऑडियो जारी होने पर लोग उसकी मौत के दावे पर सवाल उठा रहे थे। अब अल-कायदा ने भारत, हिंदुओं और मोदी सरकार के खिलाफ जहर उगला है। अल-कायदा इससे पहले भी भारत के खिलाफ जेहाद का कई बार एलान कर चुका है। उसने दुनियाभर के मुसलमानों को भारत के खिलाफ उकसाया भी था।
