May 31, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अखिलेश, मायावती और जयंत चौधरी के बाद अब इस बड़े विपक्षी नेता ने भी दिया राहुल गांधी को झटका, भारत जोड़ो यात्रा से बनाई दूरी

पटना। राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। करीब 3000 किलोमीटर की दूरी वो पैदल नाप चुके हैं। राहुल गांधी और कांग्रेस को उम्मीद है कि भारत जोड़ो यात्रा से मोदी सरकार के खिलाफ पार्टी और विपक्ष का माहौल बनेगा। इससे 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव और इस साल 9 राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी से वो निपट सकेंगे, लेकिन राहुल गांधी की इस भारत जोड़ो यात्रा से विपक्ष के नेता ही एक-एक कर कन्नी काट रहे हैं। राहुल गांधी ने समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव, बीएसपी सुप्रीमो मायावती और आरएलडी के चीफ जयंत चौधरी को भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का न्योता भेजा था। तीनों ही नेताओं ने यात्रा में राहुल के साथ चलने से साफ मना कर दिया। अब खबर है कि विपक्ष के एक और बड़े चेहरे ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल न होने का फैसला किया है।

विपक्ष के इस बड़े नेता का नाम है नीतीश कुमार। नीतीश कुमार बिहार के सीएम हैं। उनकी पार्टी जेडीयू भी कांग्रेस और आरजेडी के साथ मिलकर सरकार चला रही है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस की तरफ से राहुल की यात्रा में शामिल होने का न्योता नीतीश और उनकी पार्टी के नेताओं को दिया गया था, लेकिन जेडीयू ने इस यात्रा में शामिल होने से साफ इनकार कर दिया। हालांकि, जेडीयू ने राहुल गांधी को यात्रा के सफल होने के लिए शुभकामनाएं जरूर दी हैं। इससे पहले यूपी में जेडीयू के कुछ नेताओं ने राहुल गांधी की यात्रा में शामिल होने की बात कही थी।

वहीं, नीतीश और कांग्रेस के सहयोगी आरजेडी ने भी भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने या न होने पर कुछ भी नहीं कहा है। पार्टी के नेता और बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने यात्रा के लिए शुभकामनाएं तो दीं, लेकिन इसमें शामिल होने के सवाल पर चुप्पी साध ली। फिलहाल ऐसी उम्मीद कम है कि तेजस्वी यादव या आरजेडी का कोई और नेता राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा में कदमताल करता दिखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed