August 4, 2026

Hind foucs news

hindi new update

7 साल में 274 भगोड़े अपराधियों को डिपोर्ट कराकर भारत लाई मोदी सरकार, अमित शाह ने दिया अपडेट

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज उन भगोड़े अपराधियों के बारे में केंद्र सरकार के द्वारा की गई कार्रवाई का अपडेट दिया जो भारत में अपराध करके विदेशों में छिप गए। अमित शाह ने बताया कि 7 साल में यानी कि 2019 के बाद मोदी सरकार ऐसे 274 भगोड़े अपराधियों को पकड़कर विदेशों से वापस ला चुकी है और कई अन्य की वापसी की प्रक्रिया अभी चल रही है। गृहमंत्री ने कहा, अब वे दिन लद गए हैं जब अपराधी सिस्टम की कमियों का फायदा उठाकर बच निकलते थे। ‘नए भारत’ ने नए कानूनों, संस्थाओं और वैश्विक साझेदारियों के जरिए पुराने सिस्टम की हर कमी को दूर किया है और सुरक्षा का एक ऐसा मजबूत घेरा बनाया है जिसे तोड़ा नहीं जा सकता।

अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट किया, मजबूत और सुरक्षित भारत के विजन के तहत मोदी सरकार ने विदेशों में छिपे भगोड़ों को पकड़ने में कामयाबी हासिल की है। भगोड़े अपराधी चाहे किसी भी देश में भागे हों, राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति भारत के नए नजरिए ने 2019 के बाद से 274 अपराधियों की वापसी सुनिश्चित की है। गृहमंत्री के मुताबिक यूपीए सरकार के समय हर साल सिर्फ चार भगोड़े अपराधी पकड़कर लाए जाते थे।

अपराधी गौरव गाड़ौली को जॉर्जिया से पकड़कर लाने में मिली सफलता

अमित शाह ने यह जानकारी ऐसे समय पर दी है जब आज ही भगोड़े अपराधी गौरव गाड़ौली को जॉर्जिया से डिपोर्ट कराकर हरियाणा एसटीएफ ने भारत में गिरफ्तार किया है। गौरव गाड़ौली हत्या के प्रयास, रंगदारी, फायरिंग और एक्सटॉर्शन जैसे दो दर्जन से अधिक संगीन मामलों में वांछित था। पिछले काफी लंबे समय से उसकी तलाश एसटीएफ को थी। वो कुख्यात गैंगस्टर कौशल चौधरी का साला है। 2023 में वो भारत छोड़कर विदेश भाग गया था और वहीं से आपराधिक सिंडिकेट को संचालित कर रहा था। उससे पूछताछ के बाद अब विदेशों में छिपे अन्य गैंगस्टरों और उनके नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे भी होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *