May 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

Nikki Haley: ‘अमेरिकी राष्ट्रपति बनी तो चीन और पाक को…’, निक्की हेली ने कह दी ये बड़ी बात

वॉशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहीं रिपब्लिकन पार्टी की निक्की हेली ने चीन और पाकिस्तान के बारे में बड़ा बयान दिया है। भारतवंशी निक्की हेली ने कहा है कि अगर वो अमेरिका की राष्ट्रपति बनती हैं, तो पाकिस्तान को हर तरह की सैन्य मदद बंद कर देंगी। निक्की हेली ने कहा है कि डेमोक्रेटिक पार्टी से मौजूदा अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन लगातार पाकिस्तान को सैन्य मदद दे रहे हैं। निक्की हेली ने अखबार न्यूयॉर्क पोस्ट में एक लेख लिखा है। उन्होंने इसमें कहा है कि अमेरिका हर साल 46 अरब डॉलर खर्च कर पाकिस्तान, चीन और इराक को फंड कर रहा है। निक्की ने लिखा है कि वो दुश्मनों को मिल रही इस फंडिंग को पूरी तरह रोक देंगी।

निक्की हेली ने अपने लेख में कहा है कि अमेरिका रूस के राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के सबसे करीबी देश बेलारूस को भी मदद देता है। उन्होंने लिखा है कि हम उस क्यूबा को भी मदद देते हैं, जहां की सरकार अमेरिका को आतंकवाद का प्रायोजक बताती है। हेली ने पाकिस्तान और इराक का भी नाम लिया और कहा कि वहां अमेरिका का विरोध होता है और आतंकी सक्रिय हैं। उन्होंने आगे लिखा है कि ये सिर्फ जो बाइडेन की कहानी नहीं, अमेरिका की दोनों पार्टियों के नेतृत्व में कई दशक से ऐसा हो रहा है। निक्की हेली के मुताबिक अमेरिका की मदद की नीति भूतकाल में ही अटकी हुई है।

हाल ही में एक सर्वे से पता चला था कि निक्की हेली को पसंद करने वालों की लगातार संख्या बढ़ रही है। उनको अमेरिका के मौजूदा राष्ट्रपति जो बाइडेन से भी ज्यादा लोग पसंद कर रहे हैं। इसी सर्वे के नतीजे सामने आने के बाद निक्की हेली ने बाइडेन प्रशासन को घेरना और तेज कर दिया है। निक्की को अभी रिपब्लिकन पार्टी का राष्ट्रपति उम्मीदवार बनने के लिए काफी पापड़ बेलने हैं, लेकिन उन्होंने अपने तेजतर्रार तरीकों से फिलहाल अपना दावा मजबूत करना शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *