May 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अमेरिका के नैशविले में पूर्व छात्रा ने स्कूल में घुसकर की ताबड़तोड़ फायरिंग, 7 छात्रों की मौत

नैशविले। अमेरिका में बंदूक से फायरिंग कर हत्या करने की घटनाएं थम नहीं रही हैं। ताजा घटना टेनेसी के नैशविले में हुई है। यहां द कावनेंट स्कूल में पूर्व छात्रा ने जमकर फायरिंग की। इसमें 7 छात्रों की मौत हो गई। पुलिस ने बाद में मौके पर पहुंचकर हमलावर महिला को मार गिराया। पुलिस के मुताबिक हमलावर पूर्व छात्रा स्कूल में किनारे के दरवाजे से बंदूक लेकर दाखिल हुई थी। उसने अंदर पहुंचते ही ताबड़तोड़ फायरिंग की। कई लोगों को गोली लगी। घटना में कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है। उनको हॉस्पिटल में दाखिल कराया गया है। पुलिस ने फायरिंग की जानकारी मिलने पर स्कूल को घेर लिया। अंदर एक चर्च भी है। जिसकी दूसरी मंजिल पर हमलावर महिला को मार गिराने में सफलता मिली।

फायरिंग में छात्रों की मौत और तमाम लोगों के घायल होने के बाद स्कूल और आसपास बड़ी तादाद में पुलिस को तैनात किया गया। पुलिस के मुताबिक जब हमलावर महिला ने फायरिंग शुरू की, उस वक्त द कावनेंट स्कूल में प्लेग्रुप से लेकर छठी क्लास तक के करीब 200 छात्र थे। फायरिंग शुरू होते ही छात्रों ने जान बचाने के लिए पास के चर्च की शरण ली। वहां भी हमलावर महिला पहुंच गई और लोगों को निशाना बनाया। द कावनेंट स्कूल की शुरुआत साल 2001 में हुई थी। यहां 33 टीचर भी हैं।

अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव जीतने के बाद जो बाइडेन ने कहा था कि वो हर हाल में फायरिंग और शूटिंग की घटनाओं को रोकेंगे। गन कल्चर को बंद करने के लिए उन्होंने एक एक्जीक्यूटिव ऑर्डर भी जारी किया था। बावजूद इसके अमेरिका में लगातार शूटिंग की घटनाएं हो रही हैं। इसी साल शूटिंग की 3-4 घटनाएं हुई हैं। जिनमें तमाम लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। बाइडेन अब बंदूकों पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए अमेरिका के सांसदों से कानून बनाने की अपील कर रहे हैं। जबकि, तमाम सांसद इस तरह रोक लगाए जाने के खिलाफ हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *