May 2, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अतीक अहमद हत्याकांड के बाद बढ़ाई जाएगी सीएम योगी की सुरक्षा, कर्नाटक चुनाव में भी सुरक्षा घेरा रहेगा मजबूत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कुख्यात माफिया अतीक अहमद, उसके भाई अशरफ की हत्या किए जाने के बाद माहौल गर्म है। इससे पहले असद अहमद को यूपी एसटीएफ ने झाँसी में एनकाउंटर करके ढेर कर दिया था। अतीक की हत्या के बाद उत्तर प्रदेश सरकार पर कुछ नेता आरोप लगा रहे हैं। इसको देखते हुए सरकार ने सीएम योगी की सुरक्षा को बढ़ाने का फैसला किया है। अगर मौजूदा वक्त की बात की जाए तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जेड प्लस सुरक्षा मुहैया कराई जा रही है। लेकिन बढ़ते हुए खतरे को देखते हुए सरकार इस सुरक्षा में भी बढ़ोत्तरी करने जा रही है, सीएम के सुरक्षा घेरे को और मजबूत करने की खबरें सामने आई हैं।

आपको बता दें सीएम योगी सिर्फ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ही नहीं, बल्कि देशभर में भाजपा के फायरब्रांड नेता के तौर पर पहचान बना चुके हैं, और कुछ समय बाद कर्नाटक चुनाव प्रचार के लिए भी वो जाएंगे। जहां सीएम योगी चुनावी सभा और रैलियां करेंगे। इसको लेकर भी बेहद सतर्कता बरती जा रही है। उन्हें कर्नाटक विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा का स्टार प्रचारक नियुक्त किया गया है। ऐसा सिर्फ बीजेपी हाईकमान की मर्जी से नहीं किया गया है बल्कि कर्नाटक के भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने सीएम योगी को स्टार प्रचारक बनाने की मांग उठाई थी, जिसके बाद ये फैसला किया गया है।

लेकिन उत्तर प्रदेश में माफिया और उसके भाई अशरफ की हत्या होने के बाद अब हालात तनाव भरे हो गए हैं, इसी को देखते हुए कर्नाटक में सीएम की सुरक्षा का खास ख़याल रखा जाएगा। पहले भी कई संगठन सीएम योगी को लेकर धमकी देते रहे हैं। प्रयागराज में माफिया अतीक और अशरफ की हत्या मीडिया के सामने गोली मारकर की गई, तीन युवकों ने देर रात शनिवार इस घटना को अंजाम दिया। इसके बाद रविवार को उन्हें कोर्ट के सामने पेश किया गया, जहां कोर्ट ने इन तीनों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अब उस गिरोह का पता लगाने के प्रयास में जुटी है जिनसे इन तीनों के तार जुड़े हो सकते हैं। क्योंकि इतने बड़े माफिया को पुलिस और मीडिया के सामने मार देना कोई मामूली बात नहीं है।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *