सपा से इस्तीफा देने के बाद दारा सिंह की हुई घर वापसी, थामा बीजेपी का दामन
नई दिल्ली। दारा सिंह चौहान ने आज बीजेपी का दामन थाम लिया। प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान ने उन्हें पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण करवाई। बता दें कि दारा सिंह ने बीते शनिवार को सपा से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद उनकी मुलाकात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से हुई थी। इसके बाद से ही यह कयास लग रहे थे कि वो बीजेपी में शामिल हो सकते हैं।
वहीं, आज उन्होंने भूपेंद्र सिंह की मौजूदगी में बीजेपी का दामन थाम लिया। बताया जा रहा है कि आगामी लोकसभा चुनाव में पार्टी उन्हें घोसी सीट से टिकट दे सकती है। ध्यान दें कि गत 2022 के विधानसभा चुनाव में भी सपा से उन्हें इसी सीट से टिकट दिया था, जिसमें उन्होंने भारी मतों से जीत हासिल की थी। लेकिन , बीते शनिवार को उन्होंने विधायक पद अपना इस्तीफा विधानसभा अध्य़क्ष सतीश महाना को सौंप दिया। जिसे अब सपा प्रमुख अखिलेश यादव के लिए बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है।
बता दें दारा सिंह के बीजेपी में शामिल होने के कदम उनकी घर वापसी के रूप में रेखांकित किया जा रहा है, क्योंकि सपा का दामन थामने से पहले वे बीजेपी में ही थे, लेकिन 2022 के विधानसभा चुनाव से पूर्व वे सपा में आ गए। उस वक्त उन्होंने बीजेपी पर कई गंभीर आरोप भी लगाए थे। उन्होंने अपन आरोपों में कहा था कि बीजेपी वादा तो करती है, लेकिन उसे निभाने की दिशा में कोई भी कदम नहीं उठाती है।
दारा सिंह ने अपने आरोपों में कहा था कि बीजेपी ने सबका साथ सबका विकास का नारा दिया था, लेकिन अफसोस बीजेपी की सरकार बनने के बाद कुछ लोगों का विकास हो पाया है। ध्यान दें कि दारा सिंह के इसी बयान को मुद्दा बनाकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर निशाना भी साधा था।
