जयपुर एयरपोर्ट पर पकड़ी गई नाबालिग युवती, बिना दस्तावेज पाकिस्तान जाने की कर रही थी कोशिश
जयपुर। अंजू के बाद भारत से एक और युवती ने पाकिस्तान जाने की कोशिश की। मामला जयपुर का है। युवती पाकिस्तान की ही है। पकड़ी गई युवती ने पूछताछ के दौरान पुलिस को बताया है कि उसे उसकी बुआ पाकिस्तान से लेकर आई थी और वो साथ ही रह रही थी। अब बुआ से अनबन की वजह से वो पाकिस्तान स्थित अपने घर लौटना चाह रही थी। पाकिस्तान जाने की कोशिश करने वाली युवती से पुलिस अभी और पूछताछ कर रही है। उसकी बुआ से भी पुलिस पूछताछ करेगी और हकीकत जानने की कोशिश करेगी। युवती के पास दस्तावेज भी नहीं मिले हैं।
पाकिस्तान जाने की कोशिश करने वाली युवती से दस्तावेज न मिलने से ये मामला अवैध घुसपैठ का भी लग रहा है। युवती जयपुर एयरपोर्ट पर पहुंची थी। वो पाकिस्तान जाना चाहती थी। टिकट खरीदने की कोशिश के दौरान स्टाफ ने उससे पासपोर्ट और अन्य दस्तावेज मांगे। ये दस्तावेज युवती के पास नहीं थे। इसके बाद युवती को जयपुर एयरपोर्ट की सुरक्षा में लगे सीआईएसएफ के हवाले किया गया। जिसके बाद प्राथमिक तौर पर पूछताछ करके पाकिस्तान जाने की कोशिश कर रही युवती को पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस के मुताबिक पकड़ी गई युवती अभी नाबालिग है।
बता दें कि पाकिस्तान से पहले सीमा हैदर नाम की महिला दुबई और नेपाल के रास्ते से नोएडा पहुंच गई और अपने प्रेमी सचिन के साथ रहने लगी। सीमा हैदर अपने 4 बच्चों को लेकर भारत आई है। वहीं, राजस्थान के अलवर की अंजू नाम की युवती अपने पति का साथ छोड़कर पाकिस्तान चली गई। जहां उसने इस्लाम अपनाकर अपने प्रेमी से निकाह भी कर लिया है। इन दो मामलों के बीच अब जयपुर से पाकिस्तान जाने की कोशिश करने वाली युवती का मसला भी सामने आ गया। जांच में पता चलेगा कि युवती पाकिस्तान में कहां की निवासी है। अभी उसे पुलिस हिरासत में रखा गया है।
