‘हम उन हाथों को काट देंगे’, पाकिस्तान के मंत्री ने भारत को दी गीदड़भभकी
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के नेता और सेना के अफसर भारत को गीदड़भभकी देते रहते हैं। ऐसा ही एक बार फिर हुआ है। पाकिस्तान के जलवायु मंत्रालय को संभालने वाले मुसादिक मलिक ने भारत को गीदड़भभकी देते हुए हाथ काटने की बात कही है। मामला सिंधु जल समझौते का है। जिसे भारत ने पहलगाम हमले के बाद स्थगित कर रखा है। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए मुसादिक मलिक ने कहा कि भारत पानी की आपूर्ति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा। मलिक ने कहा कि अगर पाकिस्तान के जल संबंधी अधिकारों को खतरा हुआ, तो उसके गंभीर नतीजे होंगे।
पाकिस्तान के अखबार डॉन के मुताबिक पाकिस्तान के मंत्री ने कहा कि पड़ोसी देश के पीएम के हाथ नल का नियंत्रण है। वो कहते हैं कि पाकिस्तान में पानी की एक बूंद नहीं बहने देंगे। मुसादिक मलिक ने इसके बाद गीदड़भभकी देते हुए कहा कि हम उन हाथों को काट देंगे, जो हमारे हिस्से के पानी पर दावा करेंगे। पाकिस्तान के मंत्री ने कहा कि मेरा वतन अपने हिस्से के पानी की रक्षा करेगा। वो भारत को पानी का प्रवाह रोकने की मंजूरी नहीं देगा। मुसादिक मलिक की भारत को दी गई इस गीदड़भभकी का वीडियो सोशल मीडिया पर आया है। वहीं, प्रेस कॉन्फ्रेंस में पाकिस्तान के सूचना मंत्री तरार ने कहा कि सिंधु जल समझौते को भारत न एकतरफा रद्द कर सकता है, न बदलाव और न ही निलंबित कर सकता है।
साल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने सख्त रुख अपनाते हुए सिंधु जल समझौते को निलंबित कर दिया था। पीएम नरेंद्र मोदी ने साफ कहा है कि जब तक पाकिस्तान सीमा पार से आतंकवादी गतिविधियां बंद नहीं करता, सिंधु जल समझौता निलंबित रहेगा। पीएम मोदी ने कहा था कि पानी और खून साथ नहीं बह सकते। वहीं, पाकिस्तान इस मसले को अंतरराष्ट्रीय पंचाट में ले गया है, लेकिन भारत ने इसे मानने से साफ इनकार कर दिया है। भारत अब जम्मू-कश्मीर में कई बांध बनवा रहा है। ताकि अपने हिस्से का पानी पाकिस्तान जाने से रोका जा सके। नतीजे में पाकिस्तान में पानी की घनघोर किल्लत हो रही है। इससे पाकिस्तान के नेता और सेना के अफसर बिलबिला रहे हैं। पहले पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर ने गीदड़भभकी दी थी कि अगर भारत ने कोई नया बांध बनाया, तो बमबारी कर पाकिस्तान उसे नष्ट कर देगा।
