June 30, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अमित शाह की मौजूदगी में हरियाणा और राजस्थान के बीच यमुना जल बंटवारे पर MoU साइन

नई दिल्ली। हरियाणा और राजस्थान के बीच यमुना के जल बंटवारे को लेकर ऐतिहासिक MoU पर आज हस्ताक्षर किए गए हैं। केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री की अध्यक्षता में दिल्ली के कर्तव्य भवन में महत्वपूर्ण बैठक हुई जिसमें हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल भी मौजूद रहे। इस समझौते के बाद अब राजस्थान को मानसून के दौरान हथनी कुंड बांध से यमुना का पानी मिल सकेगा। हथनी कुंड बैराज से एक भूमिगत पाइपलाइन के जरिए राजस्थान को पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

वहीं अब इस समझौते के धरातल पर उतरने से रेणुका, किशाऊ और लखवार बांध परियोजनाओं के काम में भी काफी तेजी आने की संभावना है। समझौते के तहत जुलाई से अक्टूबर के बीच पश्चिमी यमुना नहर से पानी राजस्थान को भेजा जाएगा। इसके लिए लगभग 295.5 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन हरियाणा के हथनी कुंड से राजस्थान चूरू जिले के हंसियावास जलाशय तक डाली जाएगी। इस परियोजना में लगभग 34,102 करोड़ रुपए की अनुमानित लागत आने की संभावना है। इस परियोजना से राजस्थान के सीकर, चूरू और झुंझुनू जिले के लोग लाभान्वित होंगे। वैसे तो 1994 में यमुना के किनारे पड़ने वाले प्रदेशों जिनमें उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के बीच पानी के बंटवारे को लेकर समझौता हुआ था। मगर राजस्थान को उसके हिस्से का पूरा पानी मिल नहीं पा रहा था। एमओयू साइन होने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि यह समझौते का ऐसा प्रारूप है जो आने वाले कई दशकों तक बिना किसी विवाद के लागू रह सकता है।

वादा पूरा करें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत : मदन राठौड़

वहीं इस समझौते पर राजस्था बीजेपी के अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा, हमारे मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूरी कोशिश की है। उन्होंने अपने प्रभाव का उपयोग किया और केंद्र सरकार का पूरा समर्थन मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशों पर अमल करते हुए और अमित शाह की मध्यस्थता से यह समझौता हो पाया। अमित शाह और सी.आर. पाटिल की मौजूदगी में राजस्थान और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों ने इस डील को अंतिम रूप दिया। अब हमें वह पानी मिलना शुरू हो जाएगा जो हमारा हक है। मैं पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से अपील करूंगा कि वो अपना वादा निभाएं। उन्होंने कहा था कि अगर भजनलाल शर्मा ने समझौता करा दिया तो मैं उनको माला पहनाकर अभिनंदन करूंगा। मेरा अनुरोध है कि वो अपना वादा पूरा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *