अमेरिका ने भारत की 4 कंपनियों से बैन हटाया, ट्रेड डील को लेकर बातचीत के बीच ट्रंप प्रशासन का फैसला
नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के बीच ट्रेड डील को लेकर बातचीत लगभग फाइनल स्टेज पर है। ऐसे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत को एक गुड न्यूज दी है। ट्रंप प्रशासन ने चार भारतीय कंपनियों से प्रतिबंध हटा दिया है। दिल्ली स्थित शौर्य एरोनॉटिक्स प्राइवेट लिमिटेड, अहमदाबाद स्थित गैलेक्सी बेयरिंग्स लिमिटेड, हैदराबाद स्थित आरआरजी इंजीनियरिंग टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और लोकेश मशीन्स लिमिटेड कंपनियों को अमेरिकी वित्त विभाग ने स्पेशली डेजिग्नेटेड नेशनल्स (SDN) लिस्ट से बाहर कर दिया है। रूस के साथ डीलिंग की वजह से इन कंपनियों पर अमेरिका ने बैन लगाया था।
अमेरिकी विदेश संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (OFAC) की ओर से साल 2024 में 21 भारतीय संस्थाओं को बैन किया था। इसमें 19 भारतीय कंपनियां थीं और दो व्यक्तियों को प्रतिबंधित किया गया था। इन सभी पर रूस को फायदा पहुंचाने और उसके साथ व्यापार में शामिल होने का आरोप था। बता दें कि एसडीएन लिस्ट में शामिल कंपनियों अन्यथा व्यक्तियों की प्रॉपर्टी को अमेरिकी अधिकार क्षेत्र में फ्रीज कर दिया जाता है। OFAC की ओर से जारी नई लिस्ट में सिर्फ कंपनियों को बैन से छूट मिली है। इसके अलावा लिस्ट में 9 नई कंपनियों को शामिल किया गया है जिसमें से अधिकांश मेक्सिकन हैं।
आपको बता दें कि रूस और यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद अमेरिका ने रूस पर तमाम तरह के प्रतिबंध लगा दिए थे। अमेरिका भारत पर भी दबाव बना रहा था कि भारत रूस से कच्चा तेल खरीदना बंद कर दे। जब भारत अमेरिकी दबाव में नहीं आया तो ट्रंप ने गुस्से में आकर भारत पर अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ लगा दिया था और इस तरह से भारत पर 50 फीसदी का टैरिफ हो गया था। हालांकि इसके बावजूद भारत ने यह स्पष्ट कर दिया था कि उसके लिए नागरिकों का हित सर्वोपरि है। अपने नागरिकों की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने के लिए जहां से भी कम दामों में तेल मिलेगा वो खरीदेगा।
