February 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

लालू की पार्टी आरजेडी के निशाने पर कांग्रेस नेता कमलनाथ, बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बने वजह

पटना। बागेश्वर धाम प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की वजह से कांग्रेस के बड़े नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व सीएम कमलनाथ अब लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल यानी आरजेडी के निशाने पर आ गए हैं। दरअसल, कमलनाथ ने मध्यप्रदेश में अपने गढ़ छिंदवाड़ा में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के हनुमत कथा का कार्यक्रम रखा। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का कमलनाथ और उनके बेटे नकुल नाथ ने खूब स्वागत किया। बागेश्वर धाम प्रमुख को छिंदवाड़ा लाने के लिए चार्टर्ड विमान की सेवा भी ली गई। इन सबको देखकर लालू और तेजस्वी यादव के करीबी और बिहार के पूर्व मंत्री शिवानंद तिवारी भड़क गए हैं।

शिवानंद तिवारी ने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री लगातार हिंदू राष्ट्र बनाने की बात करते हैं और कमलनाथ उनका कार्यक्रम करा रहे हैं। शिवानंद तिवारी ने आगे कहा कि बिहार में महागठबंधन बना हुआ है। ऐसे में हिंदू राष्ट्र की बात करने वाले का कार्यक्रम कमलनाथ करा रहे हैं। शिवानंद तिवारी ने इस मामले में कांग्रेस आलाकमान से सफाई मांगी और कमलनाथ से भी जवाब लेने की मांग रख दी। शिवानंद तिवारी जिस तरह लालू यादव और तेजस्वी यादव के करीबी हैं, ऐसे में ये माना जा रहा है कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का कार्यक्रम कराकर कमलनाथ ने कांग्रेस के लिए नई मुश्किल खड़ी कर दी है। आप सुनिए आरजेडी नेता शिवानंद तिवारी ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री और कमलनाथ पर क्या कहा।

शिवानंद तिवारी के इस बयान पर अभी कमलनाथ या कांग्रेस के किसी नेता की प्रतिक्रिया नहीं आई है। शिवानंद तिवारी को काफी मुखर माना जाता है। पटना में धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के रामकथा कार्यक्रम के दौरान भी शिवानंद और आरजेडी के तमाम नेताओं ने हिंदू राष्ट्र संबंधी बयान पर आपत्ति जताई थी। शिवानंद तिवारी पहले बिहार के सीएम नीतीश कुमार के खिलाफ भी तमाम बयान देकर चर्चा में रहे हैं। उन्होंने एक बार नीतीश को झोला उठाकर संन्यास लेने तक का सुझाव दे दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *