June 29, 2026

Hind foucs news

hindi new update

अगले महीने यूरोप के दौरे पर जाएंगे राहुल गांधी, पहले के विदेश दौरे में दे चुके हैं विवादित बयान

नई दिल्ली। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी दोबारा सांसद पद हासिल करने के बाद अब एक बार फिर विदेश दौरे पर जाने वाले हैं। इससे पहले राहुल गांधी ने अमेरिका और ब्रिटेन का दौरा किया था। अपने ब्रिटेन दौरे में राहुल गांधी अपने बयान की वजह से विवाद में भी घिरे थे। जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी 7 से 11 सितंबर तक यूरोप का दौरा करेंगे। राहुल गांधी फ्रांस की राजधानी पेरिस जाएंगे। वहां भारतीय समुदाय के लोगों को राहुल संबोधित करेंगे। राहुल गांधी इससे पहले इस साल मई में अमेरिका के दौरे पर गए थे। वहां उन्होंने सैन फ्रांसिस्को, राजधानी वॉशिंगटन डीसी और न्यूयॉर्क में अमेरिका के सांसदों, भारतीय समुदाय के लोगों और अन्य से मुलाकात की थी।

राहुल गांधी इसके बाद ब्रिटेन के दौरे पर भी गए थे। अपने इस दौरे में बयान की वजह से राहुल गांधी पर बीजेपी ने भारत विरोधी होने का आरोप लगाया था। राहुल गांधी ने लंदन में कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी के एक कार्यक्रम में कहा था कि भारत में लोकतंत्र पर हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा था कि मैं विपक्ष का नेता हूं। संसद, मुक्त मीडिया, न्यायपालिका सभी को दबाव का सामना करना पड़ रहा है। राहुल गांधी ने कहा था कि भारत के लोकतंत्र पर ये हमला है। राहुल ने अमेरिका और यूरोपीय देशों के बारे में ये कहकर भी विवाद पैदा किया था कि भारत में लोकतंत्र की खराब हालत को देखते हुए भी ये विदेशी देश कुछ नहीं कर रहे हैं।

राहुल गांधी के इन्हीं बयानों को देखते हुए अब सबकी निगाह इस पर है कि यूरोप के दौरे पर राहुल गांधी क्या कहते हैं। खासकर वो यूरोपीय यूनियन की संसद के सदस्यों से भी मुलाकात करेंगे। यूरोपीय संसद के कुछ सदस्य भारत में अल्पसंख्यकों के मसलों और अन्य पर टीका-टिप्पणी करते रहे हैं। हालांकि, केंद्र सरकार लगातार ऐसे लोगों से कहती है कि भारत के आंतरिक मामलों में दखल देने का उनको कोई हक नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *