April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

मशहूर वकील हरीश साल्वे ने 68 साल की उम्र में की तीसरी शादी, तमाम बड़े केस जीतकर हुए हैं चर्चित

नई दिल्ली। मशहूर वकील हरीश साल्वे ने अब तीसरी शादी की है। हरीश साल्वे ने रविवार को तीसरी शादी की। इससे पहले साल 2020 में उन्होंने दूसरी शादी की थी, लेकिन ये शादी लंबे वक्त तक टिक नहीं सकी। हरीश साल्वे की उम्र 68 साल है। भारत सरकार की तरफ से भी हरीश साल्वे कई केस लड़ चुके हैं। अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में हरीश साल्वे ने भारत की तरफ से केस लड़े हैं। संविधान समेत सभी कानूनों पर हरीश साल्वे की जबरदस्त पकड़ मानी जाती है। वो जब कोर्ट में दलील रखते हैं, तो जज भी उनको गौर से सुनते हैं।

हरीश साल्वे ने साल 2020 में 56 साल की ब्रिटिश कलाकार कैरोलिन से शादी की थी। कैरोलिन की पहली शादी से एक बेटी भी है। हरीश साल्वे और कैरोलिन की शादी लंदन में हुई थी। उस समारोह में दोनों के परिवार से कुल 15 लोग ही शामिल हुए थे। कैरोलिन से शादी के वक्त हरीश साल्वे ने कहा था कि वो बुरे दौर से जब गुजर रहे थे, तो कैरोलिन ने उनको सहारा दिया। साल्वे ने कैरोलिन से शादी से 2 साल पहले ही ईसाई धर्म अपना लिया था। हरीश साल्वे की शादी कैरोलिन से एक चर्च में हुई थी।

हरीश साल्वे की बात करें, तो वो मराठी हैं। उनके पिता का नाम एनकेपी साल्वे था। हरीश साल्वे के पिता चार्टर्ड अकाउंटेंट थे। हरीश साल्वे की मां अंबृति साल्वे पेशे से डॉक्टर थीं। वकील बनने के बाद हरीश साल्वे ने पूर्व अटॉर्नी जनरल सोली सोराबजी के साथ भी काम किया। बतौर वकील हरीश साल्वे का बहुत नाम है। कुलभूषण जाधव, रतन टाटा और सायरस मिस्त्री के बीच विवाद, सलमान खान का हिट एंड रन केस और वोडाफोन टैक्स विवाद इनमें से बहुत चर्चित हुए। कुलभूषण जाधव की मौत की सजा उन्होंने अंतराष्ट्रीय न्यायालय से रुकवा ली थी। जिसके एवज में भारत सरकार से सिर्फ 1 रुपए फीस ली थी। फिलहाल हरीश साल्वे सुप्रीम कोर्ट में अनुच्छेद 370 की सुनवाई मामले में भी वकील हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *