June 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

चीन से फंडिंग और देशविरोधियों से संबंध!, गंभीर आरोपों की वजह से न्यूजक्लिक पर पुलिस का हुआ एक्शन

नई दिल्ली। न्यूजक्लिक नाम की वेबसाइट को चीन से फंडिंग के आरोप में इसके कर्ताधर्ताओं पर दिल्ली पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। दिल्ली पुलिस ने आतंकवाद निरोधक कानून यूएपीए के तहत नया केस दर्ज किया और मंगलवार सुबह से न्यूजक्लिक के कर्ताधर्ताओं और पत्रकारों के 30 ठिकानों पर एक साथ छापे मारे। बताया जा रहा है कि न्यूजक्लिक के जिन लोगों के यहां दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने छापे मारे, उनमें संजय राजौरा, प्रवीर पुरकायस्थ, अभिसार शर्मा, उर्मिलेश, भाषा सिंह, अनिंद्य चक्रवर्ती और सोहेल हाशमी शामिल हैं। इन सभी के मोबाइल फोन और लैपटॉप वगैरा पुलिस ने जब्त कर लिए हैं। खबर लिखे जाने तक किसी की गिरफ्तारी की खबर नहीं है।

न्यूजक्लिक के खिलाफ दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने नया केस दर्ज किया है। इस एफआईआर में अन्य धाराओं के अलावा दो समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देने और आपराधिक साजिश के आरोप भी जोड़े गए हैं। कुछ समय पहले प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने भी न्यूजक्लिक के दफ्तर और इसके पत्रकारों के यहां छापा मारा था। ईडी के छापों से पता चला कि न्यूजक्लिक को 3 साल में 38.05 करोड़ की विदेशी फंडिंग हुई। इनमें से 9.59 करोड़ रुपए एफडीआई और 28.46 करोड़ रुपए सर्विस एक्सपोर्ट के नाम पर न्यूजक्लिक को मिले।

ईडी की जांच में ये खुलासा भी हुआ था कि कुछ विदेशी कंपनियों के जरिए चीन से जो फंडिंग न्यूजक्लिक को हुई, उसका कुछ हिस्सा देशविरोधी गतिविधियों के आरोप में घिरे गौतम नवलखा और गुजरात दंगों के मामले में झूठा बयान दिलाने में बीते दिनों गिरफ्तार हुईं तीस्ता सीतलवाड़ को भी मिला। इसके अलावा कई और पत्रकारों को भी चीन की फंडिंग से मिली रकम देने का पता ईडी की जांच में हुआ था। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने इससे पहले साल 2021 में न्यूजक्लिक को अवैध फंडिंग के आरोप में केस दर्ज किया था। तब दिल्ली हाईकोर्ट ने न्यूजक्लिक के कर्ताधर्ताओं और पत्रकारों की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *