May 13, 2026

Hind foucs news

hindi new update

ममता बनर्जी को मनाने में जुटी कांग्रेस!, जयराम रमेश के ताजा बयान से संकेत

अररिया। पिछले दिनों ममता बनर्जी ने एलान किया था कि उनकी पार्टी टीएमसी पश्चिम बंगाल की सभी 42 लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। इसे कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा था। अब कांग्रेस की तरफ से ममता बनर्जी को मनाने की कवायद की जा रही है। इसके संकेत कांग्रेस के नेता और सांसद जयराम रमेश के ताजा बयान से मिले हैं। जयराम रमेश ने कहा है कि जब कोई समझौता होता है, तो उसमे लेन-देन करना होता है और सभी पार्टियों को ये समझना चाहिए।

ममता बनर्जी ने जब बीते दिनों अकेले ही लोकसभा चुनाव लड़ने का एलान किया था, तो ये भी आरोप लगाया था कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने के बारे में उनको कुछ नहीं कहा गया। हालांकि, कांग्रेस के नेताओं ने इसका खंडन किया था। कांग्रेस के नेताओं ने बताया था कि खुद राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की तरफ से ममता बनर्जी को यात्रा में शामिल होने का न्योता दिया गया था। बहरहाल, ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल नहीं हुईं। वहीं, उनके भतीजे और लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने कांग्रेस पर सीटों के बंटवारे के प्रस्ताव का न मानने का आरोप भी लगाया है। ऐसे में सबकी नजर इस पर है कि क्या ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में कांग्रेस से सीटों के बंटवारे का समझौता करती हैं या नहीं।

पहले ये खबरें आई थीं कि ममता बनर्जी सिर्फ 2 लोकसभा सीटें ही कांग्रेस को देना चाहती हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल में कांग्रेस सिर्फ 2 ही सीटें जीत सकी थी। जबकि, कांग्रेस की तरफ से ज्यादा सीटें मांगी जा रही हैं। फिर ये खबर भी आई कि ममता बनर्जी पश्चिम बंगाल में कांग्रेस को 3 सीटें दे सकती हैं, लेकिन बदले में असम में 2 और मेघालय में 1 सीट टीएमसी के लिए चाहती हैं। जबकि, कांग्रेस का इरादा असम की सभी लोकसभा सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने का है। अब जयराम रमेश के ताजा बयान से लग रहा है कि ममता और कांग्रेस के बीच लोकसभा सीटों के बंटवारे पर चर्चा जारी है। चर्चा का नतीजा क्या निकलता है, ये आने वाले दिनों में साफ होने के आसार हैं।