लखनऊ थप्पड़ कांड मामले में बोला कैब ड्राइवर- समझौता नहीं, लड़की को जेल भेजकर रहूंगा
नई दिल्ली। लखनऊ में थप्पड़ की गूंज अब भी कम नहीं हुई है। मामले में विवाद लगातार गर्माता जा रहा है। कैब ड्राइवर सहादत अली को बीच चौराहे थप्पड़ जड़ने वाली लड़की प्रियदर्शिनी यादव अब मामले में समझौते पर आ गई है लेकिन कैब ड्राइवर ने उसे सलाखों के पीछे डालने की ठांन ली है। जब कैब ड्राइवर से इस बारे में सवाल किया गया कि क्या वो लड़की के साथ समझौते को तैयार हैं तो सहादत अलीने कहा कि वो थप्पड़ गर्ल को जेल भेजकर रहेंगे। अगर उसे गिरफ्तार नहीं किया गया तो वो इस मामले को लेकर हाईकोर्ट तक लेकर जाएंगे।
एक नीजी चैनल से बात करते हुए कैब ड्राइवर सहादत अली से जब पूछा गया कि प्रियदर्शनी अब समझौता करना चाहती है तो क्या वो इसके लिए तैयार हैं को उन्होंने कहा कि बिल्कुल नहीं। सहादत अली ने कहा, ‘थप्पड़ गर्ल ने मुझे 22 तमाचे मारे. मैं महिला का सम्मान करते हुए 30 तमाचे तक खा सकता हूं.’ लेकिन उसने जो किया वो गलत था ऐसे में उसे सजा मिलनी चाहिए। वह समझौता नहीं चाहते।
क्या था पूरा मामला
घटना शनिवार रात की थी। जब लखनऊ में कृष्णानगर के अवध चौराहे पर कथित तौर पर कार से टकराने के बाद महिला ने कैब ड्राइवर की पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा था। इस मामले में पुलिस की कार्रवाई भी सवालों में बनी हुई है।
हालांकि यहां हैरान करने वाली बात ये थी कि इस दौरान वहां मौजूद लोग जब ड्राइवर को बचाने के लिए आगे आए तो लड़की ने उन्हें भी नहीं छोड़ा और युवती उनपर भी चिल्लाती रही। वहीं जब इस घटना का वीडियो वायरल हुआ तो सोशल मीडिया पर लड़की की गिरफ्तारी को लेकर आवाजें उठाई जाने लगी। ट्विटर पर # ArrestLucknowGirl भी ट्रेंड हुआ था। बता दें, पुलिस के सामने मारपीट करने के साथ ही गुस्साई लड़की ने पीड़ित ड्राइवर का फोन भी पटक कर तोड़ दिया था।
