अदन की खाड़ी में हूती विद्रोहियों ने जहाज पर दागी मिसाइल, 3 नाविकों की मौत; 4 अन्य घायल
सना। यमन के हूती विद्रोहियों ने अदन की खाड़ी में एक जहाज पर मिसाइलों से हमला किया। हूती विद्रोहियों की तरफ से बुधवार को हुए इस हमले में जहाज के 3 नाविकों की मौत होने की खबर है। हमले में 4 अन्य नाविक घायल हुए हैं। गाजा पर इजरायल के हमले के बाद से हूती विद्रोही लगातार अदन की खाड़ी और आसपास समुद्र में जहाजों पर हमले कर रहे हैं। मिसाइलों से ये हमले किए जाते हैं। पहली बार ऐसा हुआ है, जब हूती विद्रोहियों के हमले में जहाज के नाविकों की मौत और घायल होने की जानकारी सामने आई है। इस हमले के बाद अमेरिका और पश्चिमी देशों के साथ ईरान की तनातनी और बढ़ सकती है। इसकी वजह ये है कि हूती विद्रोहियों को ईरान समर्थन देता है।
अमेरिका की सेना के सेंट्रल कमांड ने जहाज पर हूती विद्रोहियों के हमले की जानकारी दी है। अमेरिकी सेना के मुताबिक बुधवार को स्थानीय समय के मुताबिक करीब 11.30 बजे एंटी शिप बैलिस्टिक मिसाइल जहाज पर आ गिरी। इस जहाज पर बारबाडोस का झंडा लगा है। जहाज लाइबेरिया में रजिस्टर्ड है। जहाज पर कई देशों के नाविक कार्य कर रहे थे। मिसाइल गिरने से इनमें से 3 की जान चली गई। जो लोग हूती विद्रोहियों के हमले में घायल हुए हैं, उनमें से 3 की हालत गंभीर है। हूती विद्रोहियों के मिसाइल हमले से जहाज को भी नुकसान पहुंचा है। चालक दल को जहाज से हटाया जा चुका है।
ब्रिटेन ने हूती विद्रोहियों के ताजा हमले की निंदा करते हुए गंभीर चिंता जताई है। ब्रिटेन ने कहा है कि हूती विद्रोहियों को हर हाल में रोकना होगा। हूती विद्रोहियों के खिलाफ पिछले दिनों अमेरिका और ब्रिटेन की वायुसेना ने जमकर हमला बोला था, लेकिन इससे भी हूती की ताकत वे कम नहीं कर सके। हूती विद्रोहियों ने पहले एलान किया था कि वो इजरायल के जहाजों को निशाना बनाएंगे, लेकिन बाद में वे अन्य जहाजों पर भी निशाना साधने लगे।
