June 30, 2026

Hind foucs news

hindi new update

योगी ने बचाई मेरी लाज, उनके राज में प्रदेश की महिलाएं सुरक्षित : जया प्रदा

नई दिल्ली। बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व सांसद जया प्रदा ने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए एक बार फिर सपा नेता आजम खान को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा कि आज रामपुर की जनता को आजम के जुल्मों से आजादी मिली है और इसका श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाता है। उन्होंने कहा कि योगी मेरे भाई हैं, उन्होंने मेरी लाज बचाई है। आज योगी के नेतृत्व में प्रदेश की महिलाएं खुद को ज्यादा सुरक्षित महसूस करती हैं। उन्होंने आजम खां के बारे में कहा कि उन्होंने गरीबों की जमीन को छीनकर जो अन्याय किया,उसकी सजा उन्हें मिल रही है। जया बोलीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। पूरी दुनिया को भारत की ताकत का अहसास है।

जया प्रदा ने चुनाव लड़ने की अपनी मंशा जाहिर करते हुए कहा कि वह भाजपा की कार्यकर्ता हैं। टिकट का फैसला भाजपा का शीर्ष नेतृत्व करेगा। पार्टी जहां से टिकट देगीं, मैं चुनाव लड़ने को तैयार हूं। मुरादाबाद से चुनाव लड़ने के सवाल पर जया प्रदा ने कहा कि पूर्व सांसद सर्वेश सिंह उनके भाई हैं। संकट में उन्होंने बहुत मदद की है। मैं अपना टिकट नहीं तय कर सकती हूं। जया ने दिवंगत सांसद अमर सिंह के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि अमर सिंह ने सभी की मदद की, मुझे राजनीति में उन्होंने स्थापित किया। गरीबों और महिलाओं के वह मददगार रहे, लेकिन अंतिम समय में उनके अपने भी साथ नहीं थे, इस बात का मुझे दु:ख है। उनकी कमी आज भी मुझे खलती है। दो बार मैं रामपुर से सांसद रही, वहां की जनता ने मेरे लिए खूब दुआ की है। रामपुर की जनता के साथ मैं हमेशा खड़ी रहूंगी। आज रामपुर विकास के पथ पर अग्रसर है, इस बात की मुझे खुशी है।

अभद्र टिप्पणी के एक मामले में मुरादाबाद कोर्ट में हाजिर होने आईं जया प्रदा ने कहा कि कई माह से वह अस्वस्थ थीं। उनकी मां का भी देहांत हो गया है। इस सदमे से वह बाहर आती, उसी दौरान उनकी भाई की तबीयत खराब हो गई। भाई के इलाज के लिए वह कई माह से विदेश में थी, जिस कारण कोर्ट में बयान दर्ज कराने नहीं आ सकी।