April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान, 7 चरण में मतदान होगा और 4 जून को आएंगे नतीजे

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 की तारीखों का एलान हो चुका है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने चुनाव की तारीखों का एलान किया। उनके साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में दो नए चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और सुखविंदर सिंह संधू भी मौजूद थे। लोकसभा की 543 सीटों के लिए वोटिंग होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि लोकसभा के लिए 7 चरणों में चुनाव होगा। पहला चरण 19 अप्रैल, दूसरा चरण 26 अप्रैल, तीसरा चरण 7 मई को होगा। चौथे चरण का मतदान 13 मई, पांचवें चरण का 20 मई, छठे चरण का मतदान 25 मई और सातवें चरण का मतदान 1 जून को होगा। 4 जून को मतगणना कराई जाएगी। इसके अलावा आंध्र प्रदेश में 13 मई को विधानसभा चुनाव होंगे। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश में 19 अप्रैल, सिक्किम में 19 अप्रैल और ओडिशा में 13 मई, 20 मई और 25 मई को राज्य विधानसभा के चुनाव कराए जाएंगे। इन चुनावों में 2100 पर्यवेक्षक तैनात किए जाएंगे। 85 साल और अधिक उम्र के लोग चाहें तो घर पर वोट डाल सकेंगे। 1.5 करोड़ अधिकारी और सुरक्षाबलों के जवान तैनात होंगे।

मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि 55 लाख ईवीएम के जरिए पोलिंग कराई जाएगी। 10.5 लाख पोलिंग स्टेशन बनाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 18 से 19 साल की 85 लाख युवतियां पहली बार वोट डालेंगी। इसी तरह 1.82 करोड़ युवा वोटर पहली बार वोट डालेंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने जानकारी दी कि 20-29 वर्ष में 21.5 करोड़ वोटर हैं। 85 साल की उम्र के 82 लाख वोटर हैं। उन्होंने बताया कि 96.88 करोड़ कुल मतदाता हैं। साल 2019 में चुनाव आयोग ने 11 मार्च को चुनाव की तारीखों का एलान किया था। पिछली बार 7 चरणों में लोकसभा के लिए वोटिंग कराई थी। पहले चरण में 11 अप्रैल को मतदान हुआ था। इसके अलावा 18 अप्रैल, 23 अप्रैल, 29 अप्रैल, 6 मई, 12 मई और 19 मई को वोटिंग कराई गई थी। लोकसभा चुनाव के नतीजे 23 मई को घोषित किए गए थे। 2019 में लोकसभा चुनाव के साथ ही आंध्र प्रदेश, ओडिशा, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम के भी विधानसभा चुनाव हुए थे।

पिछली बार बीजेपी ने लोकसभा चुनाव में 303 सीटों पर जीत हासिल की थी। इसके अलावा बीजेपी के सहयोगी दलों ने 50 सीटें हासिल की थीं। कांग्रेस को 52 सीटों पर जीत मिली थी। कांग्रेस के गठबंधन को कुल 92 सीटों पर विजय हासिल हुई थी। वहीं, अन्य दलों ने 97 सीटों पर जीत हासिल की थी। इस बार कांग्रेस समेत 26 विपक्षी दलों ने गठबंधन कर रखा है। कांग्रेस ने यूपी में सपा के अलावा दिल्ली, गुजरात, गोवा और चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी से समझौता भी कर रखा है।