July 1, 2026

Hind foucs news

hindi new update

राजा रघुवंशी के घरवाले हत्या की आरोपी सोनम की जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट जाएंगे, मेघालय पुलिस की लापरवाही से जेल से छूटी

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या की मुख्य आरोपी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी की जमानत मेघालय हाईकोर्ट ने बरकरार रखी है। इसके खिलाफ राजा रघुवंशी का परिवार अब सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी कर रहा है। राजा रघुवंशी के भाई विपिन ने कहा है कि सोनम को मिली जमानत रद्द कराने के लिए वो जल्दी ही सुप्रीम कोर्ट में याचिका देंगे। राजा रघुवंशी का परिवार इससे नाराज है कि मेघालय पुलिस की एक लापरवाही की वजह से सोनम को जमानत मिल गई।

मेघालय पुलिस ने सोनम को गिरफ्तार किए जाने के कानूनी आधार नहीं बताए थे। इस पर ट्रायल कोर्ट ने सोनम को जमानत दे दी थी। सोनम को जमानत देने के खिलाफ मेघालय पुलिस ने हाईकोर्ट में अपील की थी। मामले पर सुनवाई के बाद मेघालय हाईकोर्ट ने कहा कि पुलिस ने सोनम को गिरफ्तारी के आधार नहीं बताए। हाईकोर्ट ने कहा कि मेघालय पुलिस ने संविधान के अनुच्छेद 22(1) और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 47(1) का उल्लंघन किया। ये उल्लंघन गिरफ्तार करने की प्रक्रिया की जड़ पर प्रहार है।

राजा रघुवंशी की शादी 11 मई 2025 को सोनम से हुई थी। शादी के बाद सोनम और राजा 20 मई को मेघालय के शिलांग पहुंचे। 23 मई को सोनम रघुवंशी लापता हो गई। फिर 2 जून को मेघालय पुलिस ने चेरापूंजी इलाके के सोहरा में एक खाई से राजा रघुवंशी का शव बरामद किया था। मेघालय पुलिस को जांच में पता चला कि सोनम ने कथित प्रेमी राज कुशवाहा के साथ राजा रघुवंशी की हत्या की साजिश रची। इस पर राज ने अपने तीन दोस्तों को मेघालय भेजा। जिन्होंने सोनम के सामने राजा की हत्या की और शव को खाई में फेंक दिया। इस घटना के कई दिन बाद सोनम यूपी के गाजीपुर जिले के एक ढाबे में पहुंची। जिसकी जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *