Bihar Crime: घर से होली खेलने के बहाने बुलाकर ले गया दोस्त, सारण में 11 साल के बच्चे की गला रेतसारकर हत्या
दिघवारा थाना क्षेत्र के पुरवारी ढाला से अकिलपुर दियारा जाने के रास्ते में 11 वर्षीय एक बालक की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी गई। बालक का शव जब गांव के लोगों ने देखा तो हंगामा शुरू करते हुए इसकी सूचना पुलिस को दी गई।

हिरासत में एक किशोर से जारी पूछताछ
मौके पर पहुंची पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। इस हत्या की घटना को लेकर गांव में काफी तनाव है। पुलिस ने एक किशोर को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। गांव में पुलिस कैंप की हुई है। मृत बालक बसंतपुर गांव निवासी जयप्रकाश मांझी का 11 वर्षीय पुत्र सन्नी माझी बताया जाता है।
होली खेलने के बहाने घर से बुलाया
घर के लोगों का कहना है कि मंगलवार को दिन में होली खेलने के लिए गांव के एक यादवजी का लड़का उसे बुलाकर ले गया। इसके बाद उसकी गला रेतकर हत्या कर दी गई।
उसका शव अकिलपुर दियारा जाने के रास्ते में कच्ची सड़क पर पड़ा हुआ था। मृत बालक के घर से करीब डेढ़ किलोमीटर की दूरी पर उसका शव पड़ा हुआ था। इसकी जानकारी जब लोगों को हुई तो लोगों ने जमकर हंगामा शुरू कर दिया।

गांव में पुलिस कर रही कैंप
हत्या एवं गांव में तनाव को देखते हुए थाना अध्यक्ष रवि शंकर कुमार अपर थाना अध्यक्ष रवि रंजन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेते हुए आरोपित किशोर को हिरासत में ले लिये। उससे पुलिस पूछताछ कर रही है। इस हत्या की घटना के बाद मृत बालक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। इस संबंध में थाना अध्यक्ष ने बताया कि जो लड़का सनी माझी को घर से बुलाकर होली खेलने के लिए ले गया था, उसे हिरासत में लिया गया है। उससे सघन पूछताछ की जा रही है। सन्नी की हत्या चाकू से गला रेत कर की गई है। गांव में काफी तनाव है। इसको देखते हुए पुलिस कैंप कर रही है।
NEWS SOURCE : jagran
