May 16, 2026

Hind foucs news

hindi new update

भारतीय नौसेना ने हिंद महासागर में सोमालिया के समुद्री लुटेरों से ईरान के जहाज को किया रेस्क्यू

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना ने हिंद महासागर में सोमालिया के समुद्री लुटेरों के खिलाफ ऑपरेशन चलाकर एक ईरानी जहाज को रेस्क्यू करते हुए 23 पाकिस्तानियों की जान बचाई। भारतीय नौसेना की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर ये जानकारी साझा की गई। नेवी की ओर से बताया गया कि शुक्रवार शाम को उनकी टीम को सूचना मिली कि हिंद महासागर में अदन की खाड़ी के पास ईरान के जहाज ‘अल-कंबर’ को सोमालिया के समुद्री लुटेरों द्वारा हाईजैक कर लिया गया है। यह जहाज यमन के सोकोट्रा द्वीप से साउथ-वेस्ट में करीब 166 किमी की दूरी पर था। हाइजैक का अलर्ट मिलते ही भारतीय नौसेना ने अपने युद्धपोत आईएनएस सुमेधा को ईरानी जहाज को रेस्क्यू करने के लिए रवाना किया।

भारतीय युद्धपोत ने अपहृत एफवी अल-कंबर को 29 मार्च को अरब सागर में रोक लिया और जहाज समेत उसके चालक दल को बचाने के लिए ऑपरेशन शुरू कर दिया। इसके बाद भारतीय निर्देशित मिसाइल फ्रिगेट आईएनएस त्रिशूल भी इस ऑपरेशन से जुड़ गया। लगभग 12 घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद शुक्रवार देर रात को ईरानी जहाज पर सवार समुद्री लुटेरों को आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर होना पड़ा। भारतीय नौसेना ने इसके बाद अपहृत जहाज को अपने कब्जे में लेने के साथ ही चालक दल के 23 पाकिस्तानी नागरिकों को समुद्री लुटेरों से सुरक्षित बचा लिया। ईरान के जहाज पर सोमालिया के 9 समुद्री लुटेरों ने कब्जा कर लिया था। फिलहाल नौसेना की टीम जहाज की जांच कर रही है। इसके बाद इसे सुरक्षित जगह ले जाया जाएगा। आपको बता दें कि पिछले साल अक्टूबर में इजराइल-हमास जंग शुरू होने के बाद से अरब सागर में सोमालिया के लुटेरों की तरफ से जहाज को हाईजैक करने के मामले बढ़ते जा रहे हैं। इस पर काबू पाने के लिए भारतीय नौसेना ने अरब सागर में युद्धपोतों की तैनाती बढ़ा दी है।