April 18, 2026

Hind foucs news

hindi new update

कई बैंक खातों को पुलिस ने खंगाला, सामने आई ये बात, सलमान के घर फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा

मुंबई में अभिनेता सलमान खान के घर फायरिंग करने वाले गौनाहा थाने के मसही गांव निवासी विक्की गुप्ता और सागर पाल से जुड़े लोगों के खाते की जांच शुरू हो गई है। मंगलवार को पटना से मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम पहुंची और नरकटियागंज एसबीआइ की मुख्य शाखा में फायरिंग के आरोपितों से जुड़े लोगों के खाते में लेन-देन की जांच की। इस दौरान मसही की एक महिला व युवक के खाते में संदिग्ध लेन-देन का मामला सामने आया है। हालाकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। शाखा प्रबंधक प्रवीण कुमार ने बताया कि टीम जांच करने के लिए आई थी।

20-25 दिन में ही लौट आते घर

गिरफ्तारी के बाद विक्की गुप्ता और सागर पाल की पोल खुलने लगी है। बताया जाता है कि दोनों मजदूरी करने बाहर जाते थे, लेकिन 20 से 25 दिनों में ही घर लौट आते थे। दोनों शराब और गांजा पीते थे। मां-बाप मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते, वहीं दूसरी ओर ये दोनों महंगी बाइक पर दोस्तों के साथ मौज-मस्ती करते थे। हालांकि, गांव वालों के साथ व्यवहार उनका बेहतर रहा। गांव की जिस महिला के खाते की जांच की गई, उससे विक्की और सागर की काफी नजदीकी है। पति के साथ महिला को दोनों बाहर घुमाने ले गए थे। सूत्रों के अनुसार, महिला व युवक के खाते से क्रमश: डेढ़ और चार लाख का संदिग्ध लेन-देन हुआ है।

मुंबई पुलिस के एक सीनियर अधिकारी का आया फोन

ये रुपये किसने इनके खाते में भेजे, इसकी जांच हो रही। जांच टीम के पास ऐसी सूची भी उपलब्ध है, जिसके आधार पर वह कुछ अन्य बैंकों में भी पहुंच सकती। गिरफ्तार विक्की व सागर के करीबियों की जांच की जा रही है। चर्चा यह भी है कि विक्की और सागर की करीबी महिला व युवक नेपाल चले गए हैं। क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने उनके परिवार से उन्हें घर बुलाने के लिए कहा है। मुखिया प्रतिनिधि सोवालाल ने बताया कि मंगलवार की शाम मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के एक सीनियर ऑफिसर का फोन आया। बताया कि टीम जांच कर रही है। उन्होंने सहयोग करने के लिए बोला। मुखिया प्रतिनिधि ने बताया कि जांच में पूरा सहयोग किया जा रहा है।

रडार पर आशीष

मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच विक्की व सागर के करीबी गांव के युवक आशीष चौहान की भी तलाश में है। तीनों गांव के मित्र हैं और घर से बाहर अलग-अलग जगह पर कमाने जाने के बाद भी संपर्क में रहते हैं। सोमवार की रात मसही पहुंची मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने विक्की गुप्ता के पिता साहेब गुप्ता और सागर पाल के भाई राहुल पाल के साथ-साथ आशीष के पिता अमेरिका महतो से भी पूछताछ की। गांव से लेकर उनके कार्यस्थल के बारे में जानकारी ली। आशीष की पत्नी नीतू देवी के अनुसार, मित्र होने के कारण विक्की और सागर से उनकी बात होती है। उनके पति का इस कांड में कोई हाथ नहीं है। आशीष गोरखपुर में सरिया से जुड़ा काम करता है। गौरतलब है कि अभिनेता सलमान खान के घर पर फायरिंग करने के आरोप में विक्की गुप्ता और सागर पाल को मुंबई पुलिस ने गुजरात के भुज से गिरफ्तार किया है।

NEWS SOURCE : jagran