‘हिंसा फैलाने वालों की समर्थक कांग्रेस’, पीएम मोदी का सोनिया पर भी निशाना; बोले- इनकी सबसे बड़ी नेता आतंकियों की मौत पर आंसू बहाती हैं
सरगुजा। लोकसभा चुनाव के दूसरे दौर का प्रचार आज शाम थम जाएगा। ऐसे में नेताओं ने प्रचार में पूरा दम लगा दिया है। इसी कड़ी में पीएम नरेंद्र मोदी बुधवार को छत्तीसगढ़ के सरगुजा पहुंचे। यहां मोदी को सुनने के लिए बड़ी तादाद में लोग जुटे। अपनी जनसभा में मोदी ने फिर कांग्रेस को निशाने पर लिया।
मोदी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वो हिंसा फैलाने वालों का समर्थन कर रही है। मोदी ने कहा कि कांग्रेस हिंसा करने वालों को शहीद बता रही है। उन्होंने सोनिया गांधी का नाम लिए बगैर निशाना साधा और कहा कि इसी कांग्रेस की सबसे बड़ी नेता आतंकवादियों की मौत पर आंसू बहाती हैं। मोदी ने कहा कि इन्हीं करतूतों के कारण कांग्रेस देश का भरोसा खो चुकी है। मोदी ने ये भी कहा कि विदेशी ताकतें चाहती हैं कि भारत में कांग्रेस और विपक्षी दलों की सरकार बने।
मोदी ने सरगुजा की जनसभा में संपत्ति का बंटवारा करने का कांग्रेस पर फिर से आरोप लगाया। उन्होंने जनसभा में कहा कि कांग्रेस लोगों का सर्वे कर उनकी संपत्ति को बांटने की तैयारी कर रही है। मोदी ने इस मामले को राजस्थान के बांसवाड़ा से उठाना शुरू किया था और अपनी हर जनसभा में वो कांग्रेस को इस मुद्दे पर घेर रहे हैं। मोदी ने सरगुजा की जनसभा में भी कांग्रेस को संपत्ति के बंटवारे के मुद्दे पर घेरा। मोदी ने कहा कि शाही परिवार के शहजादे के सलाहकार ने कुछ समय पहले कहा था कि मध्यमवर्ग पर ज्यादा टैक्स लगना चाहिए। उन्होंने कहा कि अब ये लोग एक और कदम बढ़ गए हैं। मोदी ने कहा कि अब कांग्रेस का कहना है कि वो माता-पिता से मिलने वाली विरासत पर भी टैक्स लगाएगी।
मोदी ने सरगुजा की जनसभा में अपनी सरकार के काम भी गिनाए। उन्होंने कहा कि देश की जनता विपक्षी दलों को अपने वोट से जवाब देगी। मोदी के संबोधन के दौरान लोगों ने कई बार उनके भाषण पर उत्साह का प्रदर्शन किया। पीएम मोदी अब मध्यप्रदेश में भी जनसभा को संबोधित करने वाले हैं। भोपाल में भी मोदी का रोड शो शाम को होने जा रहा है।
