June 25, 2026

Hind foucs news

hindi new update

स्वाति मालीवाल से मारपीट को अखिलेश ने बताया छोटा मुद्दा, भड़के यूजर्स ने उनके पिता मुलायम सिंह के बयान ‘लड़कों से गलती हो जाती है’ को फिर उछाला

लखनऊ। दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास में आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल से मारपीट हुई। स्वाति मालीवाल ने पुलिस को फोन कर बताया था कि अरविंद केजरीवाल के पीए विभव कुमार ने उनसे मारपीट की। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने भी माना कि स्वाति मालीवाल से बदसलूकी हुई। वहीं, इस मसले पर अरविंद केजरीवाल अब सवालों का सामना नहीं करना चाहते। उन्होंने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वाति मालीवाल से मारपीट के मसले पर सवाल उठाने पर माइक खिसका दिया। वहीं, उनके साथ बैठे समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने तो स्वाति मालीवाल से हुई मारपीट के मुद्दे से भी बड़े और मुद्दे बता दिए।

अखिलेश यादव ने स्वाति मालीवाल से मारपीट को छोटा मुद्दा करार दिया, तो इसे लेकर सोशल मीडिया पर यूजर्स ने उनके पिता स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव का हवाला देकर तंज कसा। दरअसल, एक बार मुलायम सिंह यादव ने रेप के मसले पर बयान दिया था। मुलायम सिंह यादव ने रेप के मामलों पर कहा था ‘लड़के हैं, लड़कों से गलती हो जाती है’। मुलायम सिंह का ये बयान बहुत विवाद का विषय बना था और जब 2017 में यूपी में विधानसभा चुनाव हुए, तो बीजेपी ने समाजवादी पार्टी के राज में महिलाओं के खिलाफ जुर्म की घटनाओं को उछालते हुए मुलायम सिंह के इस बयान को खूब प्रचारित किया था। महिलाओं के खिलाफ अपराध का मुद्दा इतना बड़ा बना कि यूपी से अखिलेश यादव की समाजवादी पार्टी की सत्ता से विदाई हो गई और तबसे लगातार प्रदेश में 2 बार बीजेपी सरकार बना चुकी है।

अब जिस तरह अखिलेश यादव ने ऐन लोकसभा चुनाव के बीच स्वाति मालीवाल से मारपीट के मुद्दे को दूसरे मुद्दों से छोटा बताया है, उसे लेकर उनको और विपक्ष को सवालों में घिरता देखा जा सकता है। महिला सुरक्षा हमेशा ही बड़ा मुद्दा रहा है और मुलायम सिंह का पुराना बयान जिस तरह सोशल मीडिया के यूजर्स याद दिला रहे हैं, उससे स्वाति मालीवाल के मसले पर सियासी टकराव और तेज होने के आसार दिख रहे हैं।

More Stories