April 17, 2026

Hind foucs news

hindi new update

‘भारत चांद पर जा रहा, हमारे बच्चे गटर में गिरकर मर रहे’, पाकिस्तान को उसी के सांसद सैयद मुस्तफा कमाल ने दिखाया आईना

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के नेता मौलाना फजलुर रहमान के बाद अब वहां के एमक्यूएम सांसद सैयद मुस्तफा कमाल ने अपने ही देश को आईना दिखाया है। पाकिस्तान की नेशनल असेंबली में बोलते हुए सैयद मुस्तफा कमाल ने कहा कि भारत चांद पर उतर गया है, जबकि हमारे यहां कराची में बच्चे गटर में गिरकर मर रहे हैं।

भारत के साथ पाकिस्तान की तुलना करते हुए एमक्यूएम सांसद सैयद मुस्तफा कमाल ने ये भी कहा कि हम अपने टीवी पर देखते हैं कि भारत चांद पर लैंड कर गया है। इसके 2 सेकेंड बाद खबर आती है कि कराची में खुले गटर में गिरकर बच्चे ने जान गंवा दी है। एमक्यूएम सांसद सैयद मुस्तफा कमाल ने कराची में ताजे पेयजल की कमी की भी बात उठाई। सैयद मुस्तफा कमाल ने पाकिस्तान नेशनल असेंबली में कहा कि कराची देश का प्रवेश द्वार है। उन्होंने कराची को पाकिस्तान के राजस्व हासिल करने का इंजन करार देते हुए कहा कि इसी शहर में 2 बंदरगाह हैं। एमक्यूएम सांसद ने कराची के बारे में कहा कि 15 साल तक शहर को ज्यादा ताजा पानी नहीं मिला। उन्होंने आरोप लगाया कि टैंकर माफिया ने ताजे पानी पर कब्जा कर लिया।

एमक्यूएम सांसद सैयद मुस्तफा कमाल ने ये खुलासा भी पाकिस्तान नेशनल असेंबली में किया कि सिंध प्रांत की राजधानी कराची में 70 लाख बच्चे स्कूल नहीं जा रहे। जबकि, पाकिस्तान में 2.6 करोड़ बच्चे स्कूल का मुंह नहीं देखते। सैयद मुस्तफा कमाल ने ये सवाल उठाया कि पाकिस्तान में स्कूलों के हालात देखने के बाद भी नेताओं को नींद कैसे आती है? एमक्यूएम के सांसद सैयद मुस्तफा कमाल से पहले इस्लामी नेता मौलाना फजलुर रहमान ने भी भारत और पाकिस्तान की तुलना की थी। फजलुर रहमान ने कहा था कि भारत महाशक्ति बनने के करीब है और पाकिस्तान खुद को बर्बादी से बचाने के लिए भीख मांगता फिर रहा है।