स्वाति मालीवाल मामले में अरविंद केजरीवाल पर भी हो सकती है कार्रवाई
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ हुई बदसलूकी और मारपीट मामले में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी कार्रवाई हो सकती है। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष प्रमुख रेखा शर्मा ने इस बारे में बताया कि स्वाति मालीवाल ने कल पुलिस को अपने बयान दर्ज करा दिए हैं और पुलिस ने एफआईआर भी दर्ज कर ली है। पुलिस से हमने रिपोर्ट मांगी थी वह हमें मिल गई है। अरविंद केजरीवाल के पीए और इस मामले के आरोपी विभव कुमार ने अभी तक हमारे नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया है। आज महिला आयोग की टीम विभव को फिर से नोटिस जारी करेगी।
वहीं रेखा वर्मा ने यह भी कहा कि अगर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस मामले में दोषी पाए जाएंगे तो पुलिस और महिला आयोग द्वारा उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। विभव पर आईपीसी की धारा 323, धारा 354, धारा 506 और धारा 509 के तहत एफआईआर दर्ज हो गई है और पुलिस उसकी तलाश में है। फिलहाल विभव का कुछ पता नहीं चला है। आपको बता दें कि स्वाति मालीवाल के साथ 13 मई को अरविंद केजरीवाल के सरकारी आवास में उनके पीए विभव कुमार ने बदसलूकी करते हुए मारपीट की थी।
स्वाति ने अपनी एफआईआर में घटनाक्रम के बारे में बताया कि विभव ने बिना किसी उकसावे के मुझे गाली देना शुरू कर दिया और मुझे बार-बार थप्पड़ मारे। उसने मेरी छाती, चेहरे, पेट और मेरे शरीर के निचले हिस्से पर वार किया। स्वाति मालीवाल ने पूरे मामले पर चुप्पी तोड़ते हुए कहा कि मेरे साथ जो हुआ, वह बहुत बुरा था। घटना पर मैंने पुलिस को अपना स्टेटमेंट दे दिया है। आशा है कि उचित कार्रवाई होगी। इससे पहले स्वाति का गुरुवार को ही एम्स में मेडिकल टेस्ट करवाया गया, जिसमें उनके चेहरे पर अंदरुनी चोट की बात सामने आई है। स्वाति का मेडिकल टेस्ट तकरीबन 3 घंटे तक चला जिसमें एक्स रे और सिटी स्कैन भी कराया गया।
